नई दिल्ली. फीफा विश्व कप 2026 के विजेता को इस बार रिकॉर्ड 51 मिलियन डॉलर (करीब 490 करोड़ रुपये) की पुरस्कार राशि मिलेगी। यह पहली बार होगा जब विश्व कप चैंपियन टीम को इतनी बड़ी प्राइज मनी दी जाएगी। FIFA ने टूर्नामेंट के लिए कुल 871 मिलियन डॉलर (करीब 8,400 करोड़ रुपये) की इनामी राशि घोषित की है। फीफा के अनुसार, विश्व कप के लिए क्वालिफाई करने वाली प्रत्येक टीम को कम से कम 12.5 मिलियन डॉलर (करीब 120 करोड़ रुपये) मिलेंगे। वहीं फाइनल में जीतने वाली टीम को ट्रॉफी और स्वर्ण पदकों के साथ पहली बार चैंपियनशिप रिंग भी प्रदान की जाएगी। उपविजेता टीम को 33 मिलियन डॉलर (करीब 317 करोड़ रुपये), तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 29 मिलियन डॉलर (करीब 279 करोड़ रुपये) और चौथे स्थान पर रहने वाली टीम को 27 मिलियन डॉलर (करीब 259 करोड़ रुपये) की पुरस्कार राशि मिलेगी।
पहली बार मिलेगी चैंपियनशिप रिंग
विश्व कप इतिहास में पहली बार विजेता टीम के खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ को गोल्ड मेडल के साथ विशेष चैंपियनशिप रिंग भी दी जाएगी। रिंग के एक ओर फीफा विश्व कप ट्रॉफी की आकृति होगी, जबकि दूसरी ओर विजेता टीम के अनुरूप विशेष डिजाइन बनाया जाएगा। प्रत्येक रिंग पर अलग पहचान संख्या होगी और उसके साथ आधिकारिक प्रमाणपत्र भी दिया जाएगा। फाइनल के तुरंत बाद कप्तान और मुख्य कोच को अस्थायी रिंग सौंपी जाएगी। इसके बाद विजेता टीम के लिए 30 कस्टमाइज्ड रिंग तैयार कर खिलाड़ियों और स्टाफ को दी जाएंगी। कुल 2,026 लिमिटेड एडिशन रिंग बनाई जाएंगी, जिनमें से 30 विजेता टीम के लिए होंगी, जबकि शेष आधिकारिक लाइसेंस के साथ फुटबॉल प्रशंसकों के लिए उपलब्ध कराई जाएंगी।
स्पेन और अर्जेंटीना के बीच होगा फाइनल
विश्व कप 2026 का फाइनल यूरोपीय चैंपियन स्पेन और मौजूदा विश्व चैंपियन अर्जेंटीना के बीच खेला जाएगा। अर्जेंटीना लगातार दूसरी बार विश्व कप जीतकर इतिहास रचने की कोशिश करेगा, जबकि स्पेन दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगा। गौरतलब है कि 2022 विश्व कप में चैंपियन अर्जेंटीना को 42 मिलियन डॉलर (करीब 348 करोड़ रुपये) की पुरस्कार राशि मिली थी। इस बार विजेता टीम को उससे भी अधिक इनामी राशि दी जाएगी।


