नई दिल्ली. भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु बिना मुकाबला खेले ही जापान ओपन सुपर-750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं। क्वार्टर फाइनल में उनका सामना मेजबान जापान की पूर्व विश्व चैंपियन नोजोमी ओकुहारा से होना था, लेकिन ओकुहारा ने वॉकओवर दे दिया, जिससे सिंधु को सीधे अंतिम चार में प्रवेश मिल गया। अब सेमीफाइनल में सिंधु का सामना चीन की पूर्व ओलिंपिक चैंपियन और दुनिया की चौथे नंबर की खिलाड़ी चेन यूफेई से होगा। चेन ने अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में दक्षिण कोरिया की सिम यू जिन को 21-10, 21-12 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
सिंधु और चेन यूफेई के बीच अब तक 14 मुकाबले हुए हैं, जिनमें चीनी खिलाड़ी 8-6 से आगे हैं। खास बात यह है कि सिंधु पिछले पांच लगातार मुकाबलों में चेन से हार चुकी हैं। यह 2023 डेनमार्क ओपन के बाद किसी सुपर-750 टूर्नामेंट में सिंधु का पहला सेमीफाइनल है। वहीं, वर्ष 2026 में वह तीसरी बार किसी टूर्नामेंट के अंतिम चार में पहुंची हैं। लगातार बेहतर प्रदर्शन की बदौलत सिंधु ने विश्व रैंकिंग में भी शानदार वापसी की है। उन्होंने 2026 की शुरुआत 18वें स्थान से की थी और अब विश्व नंबर-9 बन चुकी हैं।


