FIFA World Cup: 39 की उम्र में भी मेसी का जलवा बरकरार, अर्जेंटीना ने दर्ज की बड़ी जीत

0

नई दिल्ली : फीफा फुटबॉल विश्व कप 2026 की शुरुआत से पहले खेले गए अपने आखिरी वॉर्म-अप मुकाबले में अर्जेंटीना ने आइसलैंड को 3-0 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। चोट से वापसी कर रहे लियोनेल मेसी ने मैदान पर उतरते ही कुछ ही सेकेंड में गोल दाग दिया और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मेसी के इस प्रभावशाली प्रदर्शन ने न केवल अर्जेंटीना को आत्मविश्वास दिया, बल्कि विश्व कप से पहले उनकी फिटनेस को लेकर उठ रहे सभी सवालों का भी जवाब दे दिया।

अर्जेंटीना मौजूदा विश्व चैंपियन है और आइसलैंड के खिलाफ वॉर्म-अप मुकाबले से पहले टीम के मुख्य कोच लियोनेल स्कालोनी ने अपनी प्लेइंग कॉम्बिनेशन में कुछ बदलाव किए। इसी वजह से लियोनेल मेसी समेत कई प्रमुख खिलाड़ियों को शुरुआती एकादश में जगह नहीं दी गई और उन्हें बेंच पर रखा गया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इंटर मियामी के इस स्टार फॉरवर्ड ने 24 मई को एक क्लब मुकाबले के दौरान मांसपेशियों में थकान और हैमस्ट्रिंग में हल्की चोट का सामना किया था। इसके बाद से वह किसी भी मैच में नहीं उतरे थे, जिससे फीफा विश्व कप 2026 से पहले उनकी फिटनेस और तैयारियों को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं।

70वें मिनट में मेसी को मिला मौका, आते ही दिखाया दम

अर्जेंटीना को इस मैच के दौरन शुरुआती मिनटों में ही एक चेतावनी मिली जब आइसलैंड के मिकेल एगिल एलर्टसन ने गोल करने का एक शानदार मौका गंवा दिया। दक्षिण अमेरिकी टीम ने जल्द ही उन्हें इसका खामियाजा भुगताया और आइसलैंड के पेनाल्टी एरिया में हुई अफरा-तफरी के बाद डिफेंडर वैलेन्टिन बार्को ने गोल करके अर्जेंटीना को बढ़त दिला दी। बॉल पर ज्यादा समय तक कब्जा होने के बावजूद अर्जेंटीना हाफ-टाइम से पहले अपनी बढ़त नहीं बढ़ा सकी। इस दौरान निको पाज ने एक अच्छा मौका गंवा दिया जबकि आइसलैंड के गोलकीपर एलियास ओलाफसन ने एक अहम बचाव करके अपनी टीम को मुकाबले में बनाए रखा।

मेसी के नाम दर्ज हुआ अर्जेंटीना के लिए 117वां गोल

ब्रेक के बाद कोच लियोनेल स्कालोनी ने कई अहम खिलाड़ियों को मैदान पर उतारा, जिनमें एंजो फर्नांडीज, एलेक्सिस मैक एलिस्टर और लौटारो मार्टिनेज शामिल थे। लौटारो दो बार गोल करने के करीब पहुंचे, लेकिन दोनों मौकों पर गेंद गोलपोस्ट से टकरा गई। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मैच के 70वें मिनट में जैसे ही लियोनेल मेसी मैदान पर उतरे, स्टेडियम में मौजूद दर्शकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया।

39 वर्षीय स्टार खिलाड़ी ने आते ही अपनी शानदार पासिंग और मूवमेंट से आइसलैंड के डिफेंस पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। मेसी ने मैदान पर आने के कुछ ही समय बाद पेनाल्टी पर गोल दाग दिया। यह अर्जेंटीना के लिए उनके करियर का 117वां अंतरराष्ट्रीय गोल था और चोट से वापसी के बाद उनका पहला गोल भी। इस गोल से अर्जेंटीना ने अपनी बढ़त 2-0 कर ली, जबकि टीम के तीसरे गोल की शुरुआत में भी मेसी की अहम भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here