FIFA World Cup Qualifiers: अर्जेंटीना ने दक्षिण अमेरिकी विश्व कप क्वालिफाइंग मैच में उरुग्वे को 1-0 से हराया

0

नई दिल्ली: अर्जेंटीना ने लियोनेल मेसी के बिना भी शुक्रवार को खेले गए दक्षिण अमेरिकी विश्व कप क्वालिफाइंग मैच में उरुग्वे को 1-0 से हरा दिया। अर्जेंटीना के लिए एकमात्र गोल थियागो अल्माडा ने 68वें मिनट में दागा जो कि निर्णायक साबित हुआ। इस जीत के साथ ही गत चैंपियन अर्जेंटीना अगले साल होने वाले विश्व कप में सीधा प्रवेश पाने से केवल एक अंक दूर रह गया है।

अर्जेंटीना दक्षिण अमेरिका क्वालिफाइंग में 13 मैचों के बाद 28 अंकों के साथ सबसे आगे बना हुआ है और अगर वह मंगलवार को ब्राजील के खिलाफ घरेलू धरती पर होने वाले मैच को ड्रॉ करने में सफल हो जाता है तो विश्व कप में अपनी जगह सुनिश्चित कर लेगा। इससे पहले जब फुटबॉल जगत की इन दो दिग्गज टीमों के बीच मुकाबला हुआ था तब अर्जेंटीना ने रियो डी जनेरियो के माराकाना स्टेडियम में 1-0 से जीत हासिल की थी।

कोच लियोनेल स्कालोनी की टीम पहले से ही सातवें स्थान पर मौजूद बोलीविया से 15 अंक आगे है, जबकि प्रतियोगिता में अब केवल पांच दौर के मैच खेले जाने बाकी हैं। इससे पहले इक्वाडोर ने वेनेजुएला को 2-1 से हराया और दक्षिण अमेरिकी विश्व कप क्वालीफाइंग प्रतियोगिता की अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गया।

ब्राजील 21 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। वह उरुग्वे और पराग्वे से एक अंक आगे है। कोलंबिया 19 अंकों के साथ छठे स्थान पर है। दक्षिण अमेरिकी क्वालीफाइंग में शीर्ष छह स्थान पर रहने वाली टीमों को अमेरिका, मैक्सिको और कनाडा में होने वाले विश्व कप में सीधा प्रवेश मिलेगा जबकि सातवें स्थान पर रहने वाली टीम अंतरराष्ट्रीय प्लेऑफ में खेलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here