नई दिल्ली : भारत 24 मई 2026 को ‘कॉमनवेल्थ गेम्स डे’ के अवसर पर फिटनेस और खेल संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की तैयारी कर रहा है। ‘खेल और युवा शक्ति का महाकुंभ’ के रूप में मनाए जाने वाले इस विशेष दिन पर देशभर में आठ हजार से अधिक स्थानों पर ‘फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल’ अभियान के तहत लाखों लोग साइकिल चलाते नजर आएंगे।
इस राष्ट्रव्यापी आयोजन का मुख्य केंद्र गुजरात का अहमदाबाद होगा, जहां इस अभियान का ऐतिहासिक 75वां एडिशन आयोजित किया जाएगा। ‘ए न्यू आइकन फॉर ए फिटर इंडिया- पेडलिंग टू 2030’ अर्थात ‘फिट इंडिया की नई पहचान- 2030 की ओर बढ़ते साइकिल के कदम’ थीम के साथ होने वाला यह मेगा इवेंट भारत के फिट और खेल महाशक्ति बनने के विजन को भी दुनिया के सामने पेश करेगा।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अहमदाबाद में इस आयोजन का नेतृत्व केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और गुजरात के गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी करेंगे। कार्यक्रम को और आकर्षक बनाने के लिए मशहूर बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना के साथ-साथ रजनी एतिमारपु, गुरजीत कौर और सोनिका टैंडी (हॉकी), अंकुर मित्तल और अंजुम मौदगिल (शूटिंग) तथा तृप्ति मुलगुंडे (बैडमिंटन) जैसे देश के कई ओलंपियन और राष्ट्रमंडल खेल पदक विजेता भी इसमें भाग लेंगे।
इस प्रकार हैं आयोजन के मुख्य आकर्षण
- विशेष प्रदर्शनी: कार्यक्रम में कॉमनवेल्थ गेम्स थीम पर एक खास प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें पिछले 12 वर्षों में भारत की खेल उपलब्धियां, ‘खेलो इंडिया मिशन’ और खेल उपकरण बनाने से जुड़ी पहलें दिखाई जाएंगी।
- जन सहभागिता: देशभर में केंद्रीय मंत्री, सांसद और अन्य जनप्रतिनिधि लोगों के साथ साइकिल चलाएंगे। इस अभियान में लाखों लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
- बड़ा रिकॉर्ड: फिट इंडिया अभियान के अब तक 74 संस्करण हो चुके हैं। इसके जरिये 3.07 लाख जगहों तक पहुंच बनाई गई है और 50 लाख से ज्यादा साइकिल चालकों के साथ 7 करोड़ भारतीय इससे जुड़ चुके हैं।
- सहयोगी कार्यक्रम: युवाओं को जोड़ने के लिए ‘माई भारत’ (MY Bharat) प्लेटफॉर्म पर क्विज, रील बनाने और टॉर्च डिजाइन जैसी प्रतियोगिताएं कराई गईं। अब तक इसमें एक लाख से ज्यादा युवा हिस्सा ले चुके हैं।


