अफगानिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शापूर ज़ादरान का निधन, 39वें जन्मदिन से एक दिन पहले ली अंतिम सांस

0

काबुल/नई दिल्ली. अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज शापूर ज़ादरान का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह अपने 39वें जन्मदिन से एक दिन पहले दुनिया को अलविदा कह गए। पिछले कुछ महीनों से उनका नई दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां वे दुर्लभ बीमारी हेमोफैगोसाइटिक लिम्फोहिस्टियोसाइटोसिस (HLH) से जूझ रहे थे। उनके निधन की पुष्टि उनके छोटे भाई घमई ज़ादरान ने की।

शापूर ज़ादरान अफगानिस्तान क्रिकेट के शुरुआती दौर के प्रमुख खिलाड़ियों में रहे। उन्होंने 2009 से 2020 के बीच अफगानिस्तान के लिए 44 वनडे और 36 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले और कुल 80 विकेट अपने नाम किए। वर्ष 2015 के वनडे विश्व कप में उन्होंने 10 विकेट लेकर अफगानिस्तान के सबसे सफल गेंदबाज का गौरव हासिल किया। उन्होंने 2010 से 2016 के बीच चार टी20 विश्व कप में भी देश का प्रतिनिधित्व किया।

अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि शापूर उन खिलाड़ियों में शामिल थे, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अफगानिस्तान की मजबूत पहचान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी प्रतिबद्धता, संघर्ष और समर्पण नई पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा बने रहेंगे।

लोगर प्रांत में जन्मे शापूर ने युद्ध के कारण बचपन पाकिस्तान के पेशावर में बिताया, जहां उन्होंने क्रिकेट सीखा। बाद में वह अपने देश लौटे और अगस्त 2009 में नीदरलैंड्स के खिलाफ वनडे मुकाबले से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया। अपने खेल और विनम्र स्वभाव के कारण वह साथी खिलाड़ियों और प्रशंसकों के बीच बेहद लोकप्रिय थे।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here