BCCI पूर्व अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह बिंद्रा का निधन, क्रिकेट परिवार में मातम

0

नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के पूर्व अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह बिंद्रा का 84 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने दिल्ली में अपने आवास पर अंतिम सांस ली। लंबे समय से बीमार रहने वाले बिंद्रा की हालत रविवार दोपहर के बाद गंभीर हो गई और शाम करीब 6:30 बजे उन्होंने जीवन का अंतिम चरण पूरा किया। उनका अंतिम संस्कार सोमवार दोपहर को लोधी श्मशान घाट पर किया जाएगा।

1993 से 1996 तक रहे BCCI अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह बिंद्रा

एक अनुभवी एडमिनिस्ट्रेटर और भारतीय क्रिकेट के विकास में अहम योगदान देने वाले आईएस बिंद्रा 1993 से 1996 के बीच BCCI के अध्यक्ष रहे। उन्होंने 1978 से 2014 तक 36 साल तक पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (PCA) के चीफ के रूप में भी कार्य किया। इस लंबी सेवा के बाद उन्होंने क्रिकेट एडमिनिस्ट्रेशन से रिटायरमेंट ली। मोहाली के PCA स्टेडियम के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही, और इसी वजह से इस स्टेडियम का नाम उनके सम्मान में रखा गया।

1987 विश्व कप की मेजबानी भारत को आईएस बिंद्रा की वजह से मिली

इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत के योगदान को बढ़ाने के लिए आईएस बिंद्रा ने अहम भूमिका निभाई थी। 1987 का वर्ल्ड कप भारत और पाकिस्तान की संयुक्त मेजबानी में हुआ था। इस विश्व कप के होस्टिंग राइट भारत को दिलाने में आईएस बिंद्रा की अहम भूमिका थी। यह पहला मौका था जब यह टूर्नामेंट इंग्लैंड के बाहर हुआ था।

क्रिकेट ब्रॉडकॉस्टिंग को लेकर आईएस बिंद्रा ने दाखिल की याचिका

1994 में बिंद्रा ने सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दाखिल की थी जिसने क्रिकेट ब्रॉडकॉस्टिंग पर दूरदर्शन की मोनोपॉली को खत्म करने का काम किया। बिंद्रा की यह कोशिश टर्निंग पॉइंट साबित हुई। एक फेवरेबल फैसले ने उनके ग्रुप को ग्लोबल ब्रॉडकास्टर्स लाने और भारत को खेल का सबसे बड़ा टेलीविज़न मार्केट बनाने में मदद की।

आईएस बिंद्रा के निधन पर BCCI ने जताया गहरा दुख

आईएस बिंद्रा के निधन पर BCCI ने गहरा दुख जताते हुए कहा, “BCCI पूर्व BCCI प्रेसिडेंट – मिस्टर IS बिंद्रा के निधन पर दुख जताता है। बोर्ड की दुआएं उनके परिवार और प्रियजनों के साथ हैं।” इसके अलावा, ICC चेयरमैन और पूर्व BCCI सेक्रेटरी जय शाह ने भी बिंद्रा को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा, “BCCI के पूर्व प्रेसिडेंट और भारतीय क्रिकेट एडमिनिस्ट्रेशन के एक अहम व्यक्ति मिस्टर IS बिंद्रा के निधन पर गहरा दुख। उनकी विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देगी। ओम शांति।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here