नई दिल्ली: एशियाई खेलों (2022) में रजत पदक जीतने वाली पुरुष हॉकी टीम के सदस्य बिमल लाकड़ा को सिर में गंभीर चोट लगने के बाद मंगलवार को रांची के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, भारत के पूर्व मिडफील्डर लाकड़ा सोमवार को सिमडेगा उपखंड में अपने गांव में खेत में काम करते समय गिरने के बाद बेहोश हो गए थे। इस 45 वर्षीय पूर्व खिलाड़ी को सिमडेगा अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची भेज दिया गया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने बताया, ‘वह अब स्थिर हैं। झारखंड के खेल मंत्री ने आज उनसे मुलाकात की और हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सिंह ने इससे पहले ‘एक्स’ पर लिखा था, ‘पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी बिमल लाकड़ा को गंभीर चोट के कारण बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी प्रकार के इलाज के निर्देश दिए हैं और झारखंड के खेल मंत्री ने बिमल लाकड़ा से मिलने के लिए अस्पताल का दौरा कर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली है।’ मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बिमल लाकड़ा का हेल्थ अपडेट देते हुए डॉक्टर संजय कुमार ने बताया, ‘जब उन्हें हमारे अस्पताल लाया गया, तो वे बेहोश थे। हमने उनका सीटी स्कैन किया, जिसमें उनके मस्तिष्क के बाईं ओर सामने चोट दिखाई दी वहां थक्का जम रहा था हमने उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया। हमने उनका सीटी स्कैन फिर से करवाया और मस्तिष्क के अन्य हिस्सों में कुछ अतिरिक्त थक्के देखे गए।
फिलहाल सर्जरी की जरूरत नहीं है और यह अच्छी खबर है। हमने उन्हें क्रिटिकल केयर यूनिट में लगातार निगरानी में रखा है। मरीज की हालत पहले से थोड़ी बेहतर है।’ लाकड़ा 2003 और 2007 में एशिया कप की स्वर्ण पदक विजेता टीमों के भी सदस्य थे। उनके भाई-बहन वीरेंद्र लकड़ा सीनियर और असुंता ने भी क्रमशः पुरुष और महिला वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पूर्व भारतीय खिलाड़ी विरेन रसकिन्हा ने भी ‘एक्स’ पर लिखा था कि उनके दोस्त और टीम के पूर्व साथी ‘गंभीर स्थिति’ में अस्पताल में भर्ती हैं। रसकिन्हा ने लिखा, ‘उम्मीद है कि सरकार अब उनका ख्याल रखेगी। फिलहाल उनके पास कोई नौकरी नहीं है।’


