23 C
New Delhi
Monday, March 16, 2026

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सरफराज अहमद ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लिया संन्यास

कराची/नई दिल्ली। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सरफराज अहमद ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। विकेटकीपर बल्लेबाज सरफराज ने 2007 से 2023 तक पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व किया और अपने करियर में कई यादगार उपलब्धियां हासिल कीं। उनकी कप्तानी में पाकिस्तान ने 2017 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीतकर इतिहास रचा था।

सरफराज अहमद ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में कुल 54 टेस्ट, 117 वनडे और 61 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में चार शतकों की मदद से 3031 रन, वनडे में दो शतकों के साथ 2315 रन और टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 818 रन बनाए। विकेटकीपर के रूप में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा और उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 315 कैच पकड़े तथा 56 स्टंपिंग कीं। सरफराज पाकिस्तान के लिए कुल 100 मैचों में कप्तानी कर चुके हैं, जिसमें 13 टेस्ट, 50 वनडे और 37 टी-20 मुकाबले शामिल हैं। उनकी कप्तानी में पाकिस्तान टीम ने कई महत्वपूर्ण जीत दर्ज कीं।

उनके करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि 2017 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीतना रही। उस टूर्नामेंट के फाइनल में पाकिस्तान ने भारत को हराकर खिताब अपने नाम किया था। सरफराज, इमरान खान के बाद पाकिस्तान को 50 ओवर के आईसीसी टूर्नामेंट का खिताब दिलाने वाले दूसरे कप्तान बने। संन्यास की घोषणा करते हुए सरफराज अहमद ने कहा कि पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करना उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है। उन्होंने कहा कि 2006 में अंडर-19 विश्व कप जीतना और 2017 में चैंपियंस ट्रॉफी उठाना उनके करियर के सबसे यादगार पल रहे।

उन्होंने अपने साथियों, कोच, परिवार और प्रशंसकों का आभार जताते हुए कहा कि सभी के समर्थन ने उनके क्रिकेट सफर को खास बनाया। सरफराज ने कहा कि पाकिस्तान टीम की कप्तानी करना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा था। उन्होंने यह भी कहा कि अपने नेतृत्व के दौरान बाबर आजम, शाहीन अफरीदी और हसन अली जैसे खिलाड़ियों को मैच विजेता बनते देखना उनके लिए गर्व की बात रही। सरफराज ने पाकिस्तान के लिए अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला दिसंबर 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ टेस्ट में खेला था। उनके संन्यास के साथ पाकिस्तान क्रिकेट के एक महत्वपूर्ण अध्याय का समापन हो गया।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

15,780FansLike
2,290FollowersFollow
5,445SubscribersSubscribe

Latest Articles