राष्ट्रीय ओपन जंप्स प्रतियोगिता में एमपी एथलेटिक्स अकादमी का शानदार प्रदर्शन, दो खिलाड़ियों ने किया कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए क्वालीफाई

0

nst News, भोपाल। खेल एवं युवा कल्याण विभाग, मध्यप्रदेश के अंतर्गत संचालित मध्यप्रदेश एथलेटिक्स अकादमी के खिलाड़ियों ने बेंगलुरु में आयोजित 5वीं नेशनल ओपन जंप्स प्रतियोगिता (14–15 मार्च 2026) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में अकादमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक जीतने के साथ अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए भी क्वालीफाई किया।

पुरुष हाई जंप स्पर्धा में अकादमी के खिलाड़ी आदित्य रघुवंशी ने 2.13 मीटर की शानदार छलांग लगाकर रजत पदक हासिल किया। उनका यह प्रदर्शन राष्ट्रीय स्तर पर मध्यप्रदेश की एथलेटिक्स प्रतिभा की मजबूत मौजूदगी को दर्शाता है।

वहीं पुरुष पोल वॉल्ट स्पर्धा में अकादमी के खिलाड़ी देव कुमार मीणा और कुलदीप कुमार ने 5.25 मीटर की ऊंची छलांग लगाकर शानदार प्रदर्शन किया और कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लिए क्वालीफाई करने की उपलब्धि हासिल की। यह उपलब्धि प्रदेश के एथलेटिक्स खिलाड़ियों के लिए गर्व का विषय मानी जा रही है।

कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन 23 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक स्कॉटलैंड के ग्लासगो शहर में किया जाएगा, जिसमें इन खिलाड़ियों को भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिल सकता है। खिलाड़ियों की इस सफलता को उनके निरंतर परिश्रम, अनुशासित प्रशिक्षण और अकादमी में उपलब्ध आधुनिक खेल सुविधाओं का परिणाम माना जा रहा है।

बेंगलुरु में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के श्रेष्ठ एथलीटों ने भाग लिया। इस उपलब्धि पर सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता प्रदेश की खेल नीतियों और खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं का सकारात्मक परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये खिलाड़ी आने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी भारत और मध्यप्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here