एनएसटी न्यूज, भोपाल। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। दुबई (शारजाह) में 12 से 17 फरवरी तक आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय सेस्टोबॉल प्रतियोगिता के लिए भारतीय सेस्टोबॉल टीम में मध्यप्रदेश के चार खिलाड़ियों का चयन किया गया है। इस उपलब्धि से प्रदेश के खेल जगत में उत्साह और गर्व का माहौल है। प्रतियोगिता से पहले भारतीय टीम का राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर 6 से 11 फरवरी तक हैदराबाद में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें भाग लेने के लिए चयनित खिलाड़ी रवाना हो चुके हैं। इस शिविर में खिलाड़ियों को तकनीकी, शारीरिक और रणनीतिक प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे अंतरराष्ट्रीय मंच पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें। मध्यप्रदेश से चयनित खिलाड़ियों में नीलिमा पाटिल, सोहेल खान (सम ग्लोबल यूनिवर्सिटी, रायसेन), वेदांत पटेल (सेज यूनिवर्सिटी, इंदौर) और साहिल सिंह सिसोदिया शामिल हैं। इन खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर भारतीय टीम में अपनी जगह सुनिश्चित की है। खिलाड़ियों के चयन पर प्रीति सलूजा (चेयरपर्सन, सम ग्लोबल यूनिवर्सिटी, रायसेन), आशुतोष (क्रीड़ा अधिकारी, सेज यूनिवर्सिटी, इंदौर), उत्कर्ष मालवीय, करण केवट, फ्रैंकलिन डी’सोसा, हरिओम पाटीदार, बृजेश भदोरिया, डिंपल लोधी, विष्णु (खेल विभाग सदस्य) सहित सभी प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों के अभिभावकों ने बधाई दी।


