NST News, भोपाल । लोक स्वास्थ्य यांत्रिक विभागीय खेल एवं सांस्कृतिक समिति द्वारा आयोजित प्रदेश स्तरीय विभागीय क्रिकेट प्रतियोगिता में सोमवार को चार मुकाबले खेले गए। पहले मैच में भोपाल मंडल और जल भवन की टीमें आमने-सामने रहीं। भोपाल मंडल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 11 ओवर में 8 विकेट पर 112 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए जल भवन की टीम 11 ओवर में 5 विकेट पर 91 रन ही बना सकी। शानदार प्रदर्शन के लिए सुनील भंवर को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दूसरे मुकाबले में सिवनी खंड और छिंदवाड़ा मंडल के बीच मुकाबला हुआ। सिवनी खंड ने पहले खेलते हुए 11 ओवर में 8 विकेट पर 56 रन बनाए। जवाब में छिंदवाड़ा मंडल ने 7.4 ओवर में 4 विकेट पर 57 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। इस मैच में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए आनंद वासनिक को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
तीसरे मैच में इंदौर परिक्षेत्र और जबलपुर परिक्षेत्र की टीमें भिड़ीं। इंदौर परिक्षेत्र ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 11 ओवर में 84 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जबलपुर परिक्षेत्र की टीम 11 ओवर में 9 विकेट पर 49 रन ही बना सकी। इस मैच में अर्जुन सिंह राजपूत को मैन ऑफ द मैच चुना गया। चौथे मुकाबले में अनुरक्षण खंड और इंदौर मंडल आमने-सामने रहे। अनुरक्षण खंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 11 ओवर में 2 विकेट पर 129 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में इंदौर मंडल की टीम 9.1 ओवर में मात्र 35 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस मैच में प्रदीप मारण को मैन ऑफ द मैच चुना गया। आयोजकों के अनुसार, मुख्य अभियंता भोपाल परिक्षेत्र बनाम भोपाल मंडल, रतलाम खंड बनाम सिवनी खंड और मुख्य अभियंता जबलपुर परिक्षेत्र बनाम इंदौर मंडल के बीच ग्रुप क्वालिफायर मुकाबले 27 जनवरी 2026 को पुलिस ग्राउंड, नेहरू नगर में खेले जाएंगे।


