Freestyle Chess: अमेरिका के अरोनियन ने एरिगेसी को हराया, खिताबी जीत से चूके भारतीय स्टार

0

नई दिल्ली: भारतीय ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगेसी फ्रीस्टाइल शतरंज ग्रैंडस्लैम का खिताब अपने नाम करने से चूक गए। फ्रीस्टाइल शतरंज के सेमीफाइनल में पहुंचने वाले पहले भारतीय बने अर्जुन को अर्मेनिया मूल के अमेरिकी खिलाड़ी लेवोन अरोनियन के खिलाफ 0-2 की हार मिली। अर्जुन ने प्रारंभिक राउंड में विश्व नंबर-1 मैग्नस कार्लसन और क्वार्टर फाइनल में हिकारू नकामुरा को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी।

अंतिम-4 के पहले गेम में अर्जुन के पास जीत का मौका था, लेकिन अरोनियन ने कठिन स्थिति में शानदार बचाव कर मैच जीत लिया। दूसरे गेम में, जहां अरोनियन को केवल ड्रॉ की जरूरत थी, उन्होंने शुरुआती चालों में मामूली बढ़त बनाई। खेल ड्रॉ की ओर बढ़ रहा था, लेकिन जीत की तलाश में अर्जुन ने जोखिम उठाया जिसका उन्हें नुकसान उठाना पड़ा। अब अरोनियन का फाइनल मुकाबला अमेरिका के ही हंस मोके नीमन से होगा जिन्होंने दूसरे सेमीफाइनल में हमवतन फैबियानो कारुआना को 2.5-1.5 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।

भारतीय ग्रैंडमास्टर कोनेरू हंपी ने शनिवार को क्वार्टर फाइनल के पहले गेम में चीन की युक्सिन सोंग को हराकर फिडे विश्व महिला शतरंज कप के अंतिम चार चरण में पहुंचने की ओर कदम बढ़ाया। हंपी ने 53 चाल में चीन की खिलाड़ी को हराया। भारतीय खिलाड़ियों दिव्या देशमुख और डी हरिका के बीच 31 चाल के बाद मुकाबला ड्रॉ रहा। दूसरे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में आर वैशाली ने पूर्व विश्व महिला चैंपियन चीन की झोंगयी टैन से 73 चाल के बाद ड्रॉ खेला। इसमें अगले महिला कैंडिडेट्स टूर्नामेंट के लिए तीन क्वालिफाइंग स्थान भी दांव पर हैं जिससे अगले महिला विश्व चैंपियनशिप मैच में मौजूदा चैंपियन वेनजुन जू के प्रतिद्वंदी का फैसला होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here