गरीबी से ग्लैमर तक, 19 वर्षीय लामिन यामाल का सफर

0

नई दिल्ली : फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल में स्पेन की सबसे बड़ी उम्मीद माने जा रहे 19 वर्षीय सुपरस्टार लामिन यामाल का हर गोल सिर्फ उनकी प्रतिभा का नहीं, बल्कि उनके संघर्ष का भी प्रतीक होता है। गोल करने के बाद वह अक्सर अपनी उंगलियों से हवा में ‘304’ का इशारा करते हैं। यह महज एक सेलिब्रेशन नहीं, बल्कि उस साधारण और आर्थिक रूप से पिछड़े इलाके के पोस्टल कोड का प्रतीक है, जहां उनका बचपन कठिन परिस्थितियों में बीता। यामाल का यह अंदाज उनकी जड़ों से जुड़े रहने और अपने संघर्ष को कभी न भूलने का संदेश देता है।

आज दुनिया लामिन यमाल को स्पेन और बार्सिलोना के सुपरस्टार फुटबॉलर के रूप में जानती है, जिनकी सालाना कमाई करोड़ों रुपये में है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, लामिन यमाल का परिवार गरीबी के ऐसे दिन भी देख चुका है, जब उनके पिता परिवार का पेट भरने के लिए फुटपाथों पर खाना तलाशने को मजबूर थे। गरीबी, संघर्ष और दूसरों की मदद से शुरू हुई इस सफर की कहानी जितनी प्रेरणादायक है, उतनी ही भावुक भी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार दिलचस्प बात यह है कि यमाल के नाम के पीछे भी संघर्ष और दो अनजान मददगारों का अहसान छिपा है, जिन्होंने उनके परिवार के सबसे मुश्किल दिनों में साथ दिया था। लामिन यमाल की यह कहानी किसी का भी दिल छू सकती है।

फीफा विश्व कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में स्पेन ने फ्रांस को 2-0 से हराकर 16 साल बाद फाइनल में जगह बना ली। डलास में खेले गए इस मुकाबले में स्पेन ने शुरुआत से ही खेल पर अपना पूरा नियंत्रण बनाए रखा और फ्रांस को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। पहले हाफ के 22वें मिनट में लामिन यामाल पर फ्रांस के डिफेंडर लुकास डिन्ये ने पेनल्टी बॉक्स के अंदर फाउल किया, जिसके बाद मिले पेनल्टी किक को मिकेल ओयारजाबाल ने गोल में बदलकर स्पेन को 1-0 की बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ में पेड्रो पोरो ने शानदार गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया और स्पेन की जीत पर मुहर लगा दी। अब स्पेन की नजर दूसरी बार फीफा विश्व कप का खिताब जीतने पर होगी।

लामिन यमाल ने भी गेंद को नेट में पहुंचाया था, लेकिन ऑफसाइड होने के कारण उनका गोल मान्य नहीं हुआ। इसके बावजूद उनकी रफ्तार, ड्रिब्लिंग और लगातार फ्रांसीसी डिफेंस पर बनाए गए दबाव ने स्पेन की जीत में अहम भूमिका निभाई। अब स्पेन की नजर फाइनल पर है, लेकिन दुनिया भर के फुटबॉल प्रेमियों के बीच लामिन यमाल सिर्फ अपने खेल की वजह से ही नहीं, बल्कि अपनी प्रेरणादायक जिंदगी की वजह से भी चर्चा में हैं।

‘304’ सेलिब्रेशन का राज क्या है?

अगर आपने लामिन यमाल को गोल करने के बाद हाथों से ‘304’ का इशारा करते देखा है तो यह किसी रिकॉर्ड या जर्सी नंबर का संकेत नहीं है। दरअसल, ‘08304’ स्पेन के कैटालोनिया क्षेत्र के रोकाफोंडा (Rocafonda) इलाके का पोस्टल कोड है। यमाल इसी इलाके में बड़े हुए, जो प्रवासी परिवारों की बड़ी आबादी और आर्थिक तंगी के लिए जाना जाता है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार लामिन यमाल का मानना है कि इंसान कितना भी बड़ा क्यों न बन जाए, उसे अपनी जड़ों को कभी नहीं भूलना चाहिए। यही वजह है कि हर बड़े मंच पर वह ‘304’ दिखाकर अपने मोहल्ले, अपने बचपन और वहां के संघर्षों को याद करते हैं।

कठिनाइयों के बीच गुजरा बचपन

लामिन यामाल आज भले ही दुनिया के सबसे चर्चित फुटबॉलरों में शामिल हैं, लेकिन उनका बचपन काफी संघर्षों से भरा रहा। उनके पिता मुनिर नसरोई मोरक्को से और मां शीला एबाना इक्वेटोरियल गिनी से बेहतर भविष्य की तलाश में स्पेन आए थे। दोनों ने कैटालोनिया में नई जिंदगी की शुरुआत की, लेकिन शुरुआती दौर में उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बीच यामाल ने अपना बचपन बिताया, लेकिन फुटबॉल के प्रति उनके जुनून और मेहनत ने उन्हें दुनिया के बड़े सितारों में शामिल कर दिया।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में लामिन यमाल ने बताया था कि उनकी मां बहुत कम उम्र में मां बनी थीं। परिवार की आर्थिक हालत इतनी खराब थी कि उनके पिता को कई बार पेट भरने के लिए फुटपाथों और सड़कों पर खाना तलाशना पड़ता था। लामिन यमाल कहते हैं कि असली दबाव वही था, जो उनके माता-पिता ने झेला। फुटबॉल मैदान पर मिलने वाला दबाव उसके सामने कुछ भी नहीं है।

नाम में बसी है रिश्तों की अनोखी कहानी

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार लामिन यामाल का पूरा नाम लामिन यामाल नसरोई एबाना है। स्पेनिश परंपरा के अनुसार बच्चों के नाम में पिता और मां दोनों के उपनाम शामिल किए जाते हैं। हालांकि, पूरी दुनिया उन्हें सिर्फ लामिन यामाल के नाम से ही जानती है। ‘लामिन’ और ‘यामाल’ दोनों अरबी मूल के शब्द हैं। लामिन का अर्थ ईमानदार और भरोसेमंद व्यक्ति होता है, जबकि यामाल (जमाल) का मतलब सुंदरता या आकर्षण होता है। लेकिन उनके नाम की सबसे खास बात इन शब्दों के अर्थ नहीं, बल्कि इसके पीछे छिपी एक भावनात्मक कहानी है, जो उनके परिवार, जड़ों और संघर्षों से जुड़ी हुई है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, लामिन यमाल का जब जन्म हुआ था तब उनके माता-पिता आर्थिक संकट से जूझ रहे थे। उसी समय परिवार के दो दोस्तों ने उनकी भरपूर मदद की। उन दोनों के नाम क्रमशः लामिन और यमाल थे। माता-पिता ने उनकी मदद को जीवनभर याद रखने के लिए अपने बेटे का नाम उन्हीं दोनों के नाम पर रख दिया। हालांकि, उन दोनों लोगों की पहचान आज तक सार्वजनिक नहीं की गई है।

ला मासिया से विश्व फुटबॉल के शिखर तक

लामिन यामाल की प्रतिभा बचपन से ही नजर आने लगी थी। महज 12 साल की उम्र में उन्होंने बार्सिलोना की प्रतिष्ठित युवा अकादमी ला मासिया में कदम रखा। यह वही अकादमी है, जिसने दुनिया को लियोनेल मेसी, जावी और आंद्रेस इनिएस्ता जैसे महान फुटबॉलर दिए हैं। ला मासिया में रहते हुए यामाल ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल से सभी को प्रभावित किया। कम उम्र में ही उन्हें बार्सिलोना की सीनियर टीम में खेलने का मौका मिला और इसके बाद उन्होंने लगातार शानदार प्रदर्शन किया। उनकी बेहतरीन ड्रिब्लिंग, तेज रफ्तार, शानदार बॉल कंट्रोल और बड़े मुकाबलों में आत्मविश्वास ने उन्हें कुछ ही समय में दुनिया के सबसे प्रतिभाशाली युवा फुटबॉलरों में शामिल कर दिया।

शोहरत मिली, लेकिन जड़ें नहीं भूले

फुटबॉल में सफलता हासिल करने के साथ ही लामिन यामाल की कमाई भी तेजी से बढ़ी। ““`2025 में उन्होंने बार्सिलोना के साथ करीब 4 करोड़ यूरो (लगभग 440 करोड़ रुपये) का सालाना अनुबंध किया। इसके अलावा एडिडास, वीजा, कोका-कोला, अमेरिकन ईगल और बीट्स बाय ड्रे जैसे कई बड़े अंतरराष्ट्रीय ब्रांड भी उनके साथ जुड़े हुए हैं।

इतनी बड़ी कामयाबी और दौलत हासिल करने के बावजूद लामिन यामाल आज भी अपने बचपन और संघर्ष के दिनों को नहीं भूले हैं। वह अक्सर अपने इंटरव्यू में माता-पिता के त्याग और उन लोगों का जिक्र करते हैं, जिन्होंने मुश्किल दौर में उनके परिवार का साथ दिया। यामाल की यही सादगी और अपनी जड़ों से जुड़ाव उन्हें सिर्फ एक शानदार फुटबॉलर ही नहीं, बल्कि लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा भी बनाता है।

मेसी के साथ बचपन की यादगार तस्वीर वायरल

लामिन यमाल का नाम पहली बार दुनिया भर में तब भी चर्चा में आया था, जब उनकी बचपन की एक तस्वीर वायरल हुई। उस तस्वीर में वह महज पांच महीने के थे और अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर लियोनल मेसी उन्हें गोद में लेकर फोटोशूट करा रहे थे। वर्षों बाद जब लामिन यमाल फुटबॉल की दुनिया में चमके, तब यह तस्वीर फिर सामने आई और सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई। कई प्रशंसकों ने इसे संयोग से कहीं बढ़कर बताया।

फाइनल में यामाल के पास सुनहरा अवसर

स्पेन ने फ्रांस जैसी मजबूत टीम को हराकर विश्व कप फाइनल में जगह बनाई है। पूरे टूर्नामेंट में लामिन यमाल ने अपनी रचनात्मकता, गति और आक्रमण क्षमता से विपक्षी टीमों को लगातार परेशान किया है। फ्रांस के खिलाफ भी उन्होंने कई बार डिफेंस को तोड़ा, पेनल्टी दिलाई और एक गोल भी किया, जिसे ऑफसाइड करार दे दिया गया।

अब स्पेन का सामना फाइनल में अर्जेंटीना और इंग्लैंड के बीच खेले जाने वाले दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से होगा। अगर लामिन यामाल फाइनल में भी अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए स्पेन को जीत दिलाने में सफल रहते हैं, तो वह विश्व कप जीतने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ियों में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। साथ ही उनका नाम फुटबॉल इतिहास के महान युवा खिलाड़ियों की सूची में और मजबूती से शामिल हो जाएगा। यह मुकाबला यामाल के करियर का सबसे बड़ा पल साबित हो सकता है, जहां उनके पास अपनी प्रतिभा और संघर्ष की कहानी को विश्व मंच पर अमर करने का मौका होगा।

‘304’ में छिपी है यामाल के संघर्ष की कहानी

फुटपाथ पर खाना तलाशने को मजबूर परिवार से निकलकर विश्व कप फाइनल तक पहुंचने का लामिन यामाल का सफर सिर्फ एक फुटबॉलर की कामयाबी की कहानी नहीं है, बल्कि संघर्ष, मेहनत और उम्मीद की मिसाल है। यह उन लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो मुश्किल हालातों के बावजूद बड़े सपने देखने का हौसला रखते हैं।

शायद यही वजह है कि जब भी लामिन यामाल ‘304’ का इशारा करते हैं, तो वह सिर्फ एक नंबर नहीं रह जाता, बल्कि उनकी मिट्टी, उनके संघर्ष और उन लोगों के प्रति सम्मान का प्रतीक बन जाता है, जिन्होंने उनके सफर को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। ‘304’ उनके अतीत, वर्तमान और भविष्य को जोड़ने वाली एक भावनात्मक पहचान बन चुकी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here