नई दिल्ली : आइसलैंड क्रिकेट ने टेस्ट क्रिकेट के खराब कप्तानों की एक अनोखी प्लेइंग इलेवन चुनी है, जिसमें तीन भारतीय खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। इस टीम में पाकिस्तान के भी तीन खिलाड़ियों को जगह मिली है, जबकि वेस्टइंडीज और ऑस्ट्रेलिया के एक-एक खिलाड़ी तथा न्यूजीलैंड के दो खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। आइसलैंड क्रिकेट ने इंग्लैंड के दिग्गज इयान बॉथम को सबसे खराब कप्तान करार देते हुए इस अनोखी टीम की कप्तानी सौंपी है। इस चयन ने क्रिकेट प्रशंसकों के बीच चर्चा को जन्म दे दिया है।
खराब कप्तानों की टीम में भारत के तीन दिग्गज शामिल
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आइसलैंड क्रिकेट ने एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए इसे ‘टेस्ट के सबसे कम सफल कप्तानों की ऑल टाइम प्लेइंग इलेवन’ बताया। पोस्ट में 11 पूर्व और मौजूदा खिलाड़ियों के नाम शामिल किए गए हैं। इस सूची में पाकिस्तान के शान मसूद को पहले स्थान पर रखा गया है, जबकि ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान किम ह्यूजेस दूसरे पायदान पर हैं। वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज ब्रायन लारा को तीसरे स्थान पर जगह दी गई है, जबकि भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर चौथे नंबर पर शामिल हैं।
न्यूजीलैंड के पूर्व टेस्ट कप्तान जॉन रीड को उन्होंने लिस्ट में 5वें स्थान पर रखा जबकि इयान बॉथम को सबसे खराब कप्तान करार देते हुए इस टीम का कप्तान भी बताया। वहीं भारत के पूर्व टेस्ट कप्तान कपिल देव को उन्होंने 7वें स्थान पर रखा जबकि पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सरफराज अहमद को 8वें स्थान पर जगह दी और टीम का विकेटकीपर करार दिया। न्यूजीलैंड के डेनियल विटोरी को 9वें स्थान पर जबकि भारत के बिशन सिंह बेदी को 10वें तो वहीं पाकिस्तान के इंतिखाब आलम को 11वें नंबर पर जगह दी।
आइसलैंड क्रिकेट द्वारा चुनी गई टेस्ट के खराब कप्तानों की प्लेइंग 11
शान मसूद (पाकिस्तान), किम ह्यूजेस (ऑस्ट्रेलिया), ब्रायन लारा (वेस्टइंडीज), सचिन तेंदुलकर (भारत), जॉन रीड (न्यूजीलैंड), इयान बॉथम (इंग्लैंड, कप्तानों में सबसे खराब कप्तान), कपिल देव (भारत), सरफराज अहमद (पाकिस्तान, विकेटकीपर) डैनियल विटोरी (न्यूजीलैंड), बिशन बेदी (भारत), इंतिखाब आलम (पाकिस्तान)।


