नई दिल्ली : भारतीय टेनिस खिलाड़ी युकी भांबरी ने अपने न्यूजीलैंड के जोड़ीदार माइकल वीनस के साथ शानदार प्रदर्शन करते हुए शुक्रवार को जेनेवा ओपन के पुरुष युगल वर्ग के फाइनल में प्रवेश कर लिया। तीसरी वरीयता प्राप्त इस भारतीय-न्यूजीलैंड जोड़ी ने सेमीफाइनल में चेक गणराज्य के पेत्र रिक्ल और एडम पावलासेक को सीधे सेटों में 7-5, 6-3 से मात दी। इस जीत के साथ भांबरी ने मौजूदा सत्र में अपना पहला एटीपी फाइनल खेलने का मौका हासिल किया।
युकी भांबरी और माइकल वीनस की जोड़ी ने निर्णायक पलों में बेहतरीन तालमेल और मजबूत सर्विस गेम का प्रदर्शन करते हुए महज एक घंटा 12 मिनट में मुकाबला जीत लिया। अब फाइनल में उनका सामना रोमेन अर्नियोडो और मार्क पोलमांस की जोड़ी से होगा। अर्नियोडो और पोलमांस ने दूसरे सेमीफाइनल में कॉन्स्टैन्टिन फ्रांटजेन और रॉबिन हासे को 7-6(4), 6-2 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।


