ओवल टेस्ट में रोमांचक जीत के बाद गिल ने की टीम की तारीफ़, खुद के प्रदर्शन से भी संतुष्ट

0

लंदन। भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने ओवल टेस्ट में इंग्लैंड पर मिली छह रन की रोमांचक जीत के बाद कहा कि जब मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा जैसी तेज़ गेंदबाज़ी जोड़ी गेंद थामे होती है, तो कप्तानी बहुत आसान लगती है। गिल ने मैच के बाद कहा कि सिराज और प्रसिद्ध जैसे गेंदबाज़ जब बॉलिंग कर रहे हों, तो बहुत ज़्यादा सोचने की ज़रूरत नहीं पड़ती। जिस तरह से उन्होंने अंतिम दिन गेंद को मूव कराया, वो शानदार था। सिराज हर मैच में अपना सब कुछ झोंक देते हैं, ऐसा गेंदबाज़ हर कप्तान को चाहिए।

सिराज-प्रसिद्ध की जोड़ी बनी जीत की चाबी

ओवल टेस्ट का अंतिम दिन बेहद रोमांचक रहा। इंग्लैंड को जीत के लिए 35 और भारत को 4 विकेट की ज़रूरत थी। ओवरकास्ट कंडीशन में सिराज ने तीन और प्रसिद्ध ने एक विकेट लेकर इंग्लैंड को 35 की जगह सिर्फ 29 रन पर समेट दिया। गिल ने कहा कि हम जानते थे कि इंग्लैंड पर दबाव है और हमें उसे कम नहीं होने देना है। इसी रणनीति के साथ मैदान पर उतरे और सफल रहे।

बल्ले से भी कप्तान ने रचा कमाल

गिल का यह दौरा बतौर कप्तान ही नहीं, बल्लेबाज़ के तौर पर भी शानदार रहा। उन्होंने चार शतक समेत 75.40 की औसत से 754 रन बनाए और प्लेयर ऑफ द सीरीज़ बने। एजबेस्टन टेस्ट में उनका दोहरा शतक इस दौरे का आकर्षण रहा। गिल ने कहा कि सीरीज़ से पहले मैंने कई तकनीकी और मानसिक पहलुओं पर काम किया। मेरी कोशिश थी कि विदेशी सरज़मीं पर खुद को बेहतर साबित कर सकूं, और अब संतोष है कि मैंने अपने लक्ष्य पूरे किए। यह टेस्ट सीरीज़ भारत के लिए न केवल जीत का क्षण रही, बल्कि गिल की कप्तानी और बल्लेबाज़ी ने भी टीम की भविष्य की दिशा को मज़बूती से रेखांकित किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here