दुबई : दुबई में आयोजित ग्लोब सॉकर अवॉर्ड्स 2025 ने वैश्विक फुटबॉल के बेहतरीन खिलाड़ियों को एक मंच पर सम्मानित किया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस भव्य समारोह में क्रिस्टियानो रोनाल्डो की लगातार प्रभावशाली उपस्थिति चर्चा का केंद्र रही, लेकिन रात का सबसे बड़ा पुरस्कार ओस्मान डेम्बेले ने अपने नाम किया। इस समारोह ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया कि बीते सीजन में पेरिस सेंट-जर्मेन (PSG) का दबदबा कितना मजबूत रहा।
डेम्बेले को मिला 2025 का सर्वश्रेष्ठ पुरुष फुटबॉलर का खिताब
पीएसजी के लिए प्रभावशाली और निर्णायक सीजन खेलने वाले ओस्मान डेम्बेले को बेस्ट मेल प्लेयर का खिताब दिया गया। उन्होंने किलियन एम्बाप्पे, लामिन यमाल, विटिन्हा और राफिन्हा जैसे स्टार खिलाड़ियों को पछाड़ते हुए यह पुरस्कार अपने नाम किया। पूरे सीजन में उनकी लगातार शानदार प्रदर्शन और मैचों को जीत की दिशा में ले जाने वाली भूमिका ने उन्हें इस अवॉर्ड का सबसे मजबूत दावेदार बना दिया।
मिडिल ईस्ट में रोनाल्डो की प्रभावशाली मौजूदगी जारी
40 वर्ष की उम्र में भी क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने एक और अवॉर्ड अपने नाम किया। अल-नस्र के लिए खेलते हुए उन्हें बेस्ट मिडिल ईस्टर्न प्लेयर का सम्मान मिला। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस अवॉर्ड में न केवल उनके मैदान पर प्रदर्शन को बल्कि सऊदी अरब में उनके खेल और व्यावसायिक प्रभाव को भी सराहा गया। इस श्रेणी में उन्होंने करीम बेंजेमा, रियाद महरेज और सालेम अल-दवसारी जैसे दिग्गज खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया।
पीएसजी का दबदबा: खिलाड़ियों से कोचिंग स्टाफ तक
समारोह में पीएसजी की छाप हर स्तर पर नजर आई। क्लब को बेस्ट मेल क्लब का खिताब मिला, जबकि लुइस एनरिके को बेस्ट कोच का अवॉर्ड दिया गया। एनरिके को यह सम्मान उनकी रणनीतियों के लिए मिला, जिनके दम पर टीम ने घरेलू और यूरोपीय दोनों स्तरों पर सफलता हासिल की। मिडफील्ड में नियंत्रण बनाए रखने के लिए विटिन्हा को बेस्ट मिडफील्डर चुना गया, जिससे पीएसजी का दबदबा और भी पुख्ता हुआ।
युवा सितारों की चमक: फुटबॉल के नए सितारे उभरे
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बार्सिलोना के युवा फॉरवर्ड लामिन यमाल ने बेस्ट फॉरवर्ड का खिताब जीतकर अपने तेज उभार की पुष्टि की। वहीं, पीएसजी के डेसायर डूए को इमर्जिंग प्लेयर चुना गया, जो भविष्य के फुटबॉल सितारों में गिने जा रहे हैं और जिनसे आने वाले सीजन में बड़े प्रदर्शन की उम्मीद है।
महिला फुटबॉल और अतिरिक्त अवॉर्ड्स: विजेताओं की झलक
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार महिला वर्ग में आइताना बोनमाती (बार्सिलोना) को बेस्ट फीमेल प्लेयर और बार्सिलोना को बेस्ट फीमेल क्लब चुना गया। अन्य प्रमुख सम्मानों में जॉर्ज मेंडेस (बेस्ट एजेंट), लुइस कैंपोस (बेस्ट स्पोर्टिंग डायरेक्टर), नासिर अल-खेलाफी (बेस्ट स्पोर्ट्स प्रेसिडेंट) शामिल रहे। पॉल पोग्बा को बेस्ट स्पोर्टिंग कमबैक, पुर्तगाल को बेस्ट नेशनल टीम, जबकि हिदेतोशी नाकाटा और आंद्रे इनिएस्ता को लाइफटाइम अचीवमेंट से नवाजा गया।
ग्लोब सॉकर अवॉर्ड्स 2025 में विजेताओं की पूरी लिस्ट
- सर्वश्रेष्ठ पुरुष फुटबॉलर: ओस्मान डेम्बेले (PSG)
- सर्वश्रेष्ठ महिला फुटबॉलर: आइताना बोनमाती (बार्सिलोना)
- सर्वश्रेष्ठ पुरुष क्लब: PSG
- सर्वश्रेष्ठ महिला क्लब: बार्सिलोना
- सर्वश्रेष्ठ कोच: लुइस एनरिके (PSG)
- सर्वश्रेष्ठ मिडफील्डर: विटिन्हा (PSG)
- सर्वश्रेष्ठ फॉरवर्ड: लामिन यमाल (बार्सिलोना)
- सर्वश्रेष्ठ मिडिल ईस्टर्न प्लेयर: क्रिस्टियानो रोनाल्डो (अल-नस्र)
- सर्वश्रेष्ठ एमर्जिंग फुटबॉलर: डेसायर डूए
- सर्वश्रेष्ठ एजेंट: जॉर्ज मेंडिस
- सर्वश्रेष्ठ स्पोर्ट्स प्रेसिडेंट: नासिर अल-खेलाफी (पेरिस सेंट-जर्मेन)
- सर्वश्रेष्ठ कंटेंट क्रिएटर: बिलाल हलाल
- सर्वश्रेष्ठ एकेडमी: राइट टू ड्रीम
- लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड: हिदेतोशी नाकाटा और आंद्रेस इनिएस्ता
- सर्वश्रेष्ठ ब्रांडिंग: लॉस एंजिलिस फुटबॉल क्लब
- सर्वश्रेष्ठ मेंटल कोच: निकोलेट्टा रोमानाजी
- सर्वश्रेष्ठ नेशनल टीम: पुर्तगाल
- सर्वश्रेष्ठ स्पोर्टिंग कमबैक: पॉल पोग्बा

