तीसरे दिन की बटरफ्लाई और ब्रेस्ट स्ट्रोक स्पर्धाओं में मध्यप्रदेश और राजस्थान के खिलाड़ियों का दबदबा
(NST News) भोपाल. एनआरआई ग्लोबल डिस्कवरी एकेडमी, भोपाल में चल रही सीबीएसई वेस्ट ज़ोन स्वीमिंग चैंपियनशिप 2025–26 के तीसरे दिन बुधवार को मध्यप्रदेश और राजस्थान के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। इसमें आस्था गोसाई, मनदीप सिंह संधा, खानक चतुर्वेदी, शंभावी सरकार और वीरदेव सिंह ने स्वर्ण पदक अपने नाम किए। गर्ल्स अंडर-17 वर्ग की 100 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में इंदौर पब्लिक स्कूल की आस्था गोसाई ने 01:29.06 मिनट का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता। इस स्पर्धा में डीपीएस भोपाल की अनन्या गंगलानी को रजत और बिलाबान्ग हाई इंटरनेशनल, जबलपुर की गौरिका जैन को कांस्य पदक प्राप्त हुआ। वहीं बॉयज़ अंडर-19 वर्ग की इसी स्पर्धा में वडोदरा के उर्मी स्कूल से मनदीप सिंह संधा ने 01:05.01 मिनट में तैराकी कर पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि शौर्य वीर सिंह (सेंट जेवियर्स, जयपुर) को रजत और यशवर्धन देशमुख (होशंगाबाद) को कांस्य पदक मिला। प्रतियोगिता के दौरान मध्य क्षेत्र की पार्षद अर्चना परमार भी उपस्थित रहीं। उन्होंने कि एनआरआई ग्लोबल डिस्कवरी स्कूल ने प्रतियोगिता से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं चिकित्सा सहायता, जलपान, स्वच्छता, सुरक्षा और विश्राम सुविधा पूर्ण सजगता और गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित कीं। इस मौके पर एनआरआई ग्रुप के चेयरमैन सुबोध सिंह भी मौजूद रहे।

जयपुर की खनक ने जीता स्वर्ण
गर्ल्स अंडर-19 वर्ग में सेंट जेवियर्स, जयपुर की खनक चतुर्वेदी ने 01:33.88 मिनट का समय लेकर प्रतियोगिता जीती। इस वर्ग में सिद्धिक्षा कवडिया (जयपुर) दूसरे और सरन्या चवाकुला (भोपाल) तीसरे स्थान पर रहीं। उधर, 200 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक स्पर्धा में भी खिलाड़ियों का दमखम देखने को मिला। बायज़ अंडर-17 वर्ग (इवेंट 66) में शिशुकुंज स्कूल, इंदौर के वीरदेव सिंह ने 03:03.09 मिनट में तैराकी करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। जयपुर के मेहुल जांगिड ने रजत और भीलवाड़ा के वीर सिंह मीणा ने कांस्य पदक हासिल किया। गर्ल्स अंडर-14 वर्ग की इसी स्पर्धा में शिशुकुंज स्कूल, इंदौर की शांभवी सरकार ने 03:15.17 मिनट में शानदार तैराकी करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। उदयपुर की आलिया सक्सेना को रजत और जोधपुर की गोयम विराट को कांस्य पदक मिला।

