आईसीसी रैंकिंग में सिराज की जबरदस्त वापसी, प्रसिद्ध कृष्णा ने भी चौंकाया

0

नई दिल्ली: भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए आखिरी मुकाबले के असली हीरो भारत के दो तेज गेंदबाज रहे, जिन्होंने लगभग हार चुके मैच को टीम इंडिया के पक्ष में कर दिया। मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। हालांकि पूरी सीरीज प्रसिद्ध कृष्णा के लिए खास नहीं रही, लेकिन उन्होंने आखिरी टेस्ट में जबरदस्त वापसी की। इस दमदार प्रदर्शन का असर आईसीसी रैंकिंग पर भी पड़ा, जहां दोनों गेंदबाजों ने लंबी छलांग लगाई है।

जसप्रीत बुमराह का जलवा कायम, टेस्ट रैंकिंग में नंबर 1 पर कब्जा

भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज खत्म होते ही आईसीसी ने ताज़ा टेस्ट रैंकिंग जारी कर दी है। इसमें अभी भी जसप्रीत बुमराह नंबर एक गेंदबाज बने हुए हैं। हालांकि आखिरी मैच बुमराह ने नहीं खेला था। बुमराह की रेटिंग अभी 889 की है। इस बीच पहले और दूसरे नंबर के गेंदबाज के बीच रेटिंग का काफी अंतर है। इस वक्त टेस्ट रैंकिंग में दूसरे नंबर पर कगिसो रबाडा हैं, जिनकी रेटिंग 851 की है। यानी बुमराह को ​हाल फिलहाल कोई भी खतरा नहीं है।

मोहम्मद सिराज की जबरदस्त वापसी

अब बात करते हैं मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा की। मोहम्मद सिराज ने इंग्लैंड के खिलाफ ओवल टेस्ट में जिस तरह की धारदार गेंदबाजी की, उससे उनकी आईसीसी रेटिंग बढ़कर 674 हो गई है। उन्होंने एक साथ 12 स्थानों की लंबी छलांग लगाते हुए सीधे नंबर 15 की पोजिशन पर कब्जा कर लिया है। ये पहली बार है जब सिराज ने टेस्ट रैंकिंग में टॉप 15 में जगह बनाई है और ये उनकी करियर की ऑलटाइम हाई रैंकिंग भी है।

प्रसिद्ध कृष्णा की धमाकेदार वापसी से रैंकिंग में बड़ा उछाल

अब बात प्रसिद्ध कृष्णा की। शुरुआती कुछ मैचों में जहां उन्होंने जमकर रन लुटाए, वहीं आखिरी टेस्ट में वे असली हीरो बनकर सामने आए। उनके इस शानदार प्रदर्शन का असर आईसीसी रैंकिंग पर भी साफ नजर आया। उनकी रेटिंग बढ़कर 368 हो गई है और उन्होंने एक साथ 25 स्थानों की छलांग लगाते हुए सीधे नंबर 59 की पोजिशन हासिल कर ली है। यह प्रसिद्ध की अब तक की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है। अब जबकि यह सीरीज समाप्त हो चुकी है, अगली सीरीज में उनका प्रदर्शन देखने लायक होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here