गोल्डन ब्वॉय नीरज चोपड़ा को बड़ी जिम्मेदारी, सूबेदार मेजर से बने लेफ्टिनेंट कर्नल

0

नई दिल्ली: ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा को बुधवार, 22 अक्टूबर को लेफ्टिनेंट कर्नल का पद प्रदान किया गया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उन्हें राष्ट्रीय गौरव और दृढ़ता का प्रतीक बताया। दिल्ली में आयोजित एक समारोह में राजनाथ सिंह ने प्रादेशिक सेना में सेवा कर रहे स्टार खिलाड़ी को लेफ्टिनेंट कर्नल के मानद रैंक का प्रतीक चिन्ह प्रदान किया। इस अवसर पर सेना प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी और कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

नीरज चोपड़ा 26 अगस्त 2016 को नायब सूबेदार के तौर पर भारतीय सेना में शामिल हुए थे और 2021 में उन्हें सूबेदार और 2022 में सूबेदार मेजर के पद पर पदोन्नत किया गया। नीरज चोपड़ा का जन्म 24 दिसंबर 1997 को हरियाणा के पानीपत के खांडरा गांव में हुआ था। उन्होंने टोक्यो ओलंपिक 2020 में एथलेटिक्स में पुरुषों की भाला फेंक टूर्नामेंट में भारत का पहला ओलंपिक स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया था।

भाला फेंक में नीरज चोपड़ा ने दिखाई धमाकेदार फार्म

नीरज चोपड़ा ने 2024 के पेरिस ओलंपिक में रजत पदक और 2023 की विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर अपने शानदार प्रदर्शन को लगातार जारी रखा। इसके अलावा, उन्होंने एशियाई खेलों, राष्ट्रमंडल खेलों और डायमंड लीग प्रतियोगिताओं में भी कई स्वर्ण पदक अपने नाम किए हैं। उनका 90.23 मीटर का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ थ्रो भारतीय खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।

नीरज चोपड़ा – राष्ट्रीय गौरव और कड़ी मेहनत का प्रतीक

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार नीरज चोपड़ा और उनके परिवार से बातचीत करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उन्हें “दृढ़ता, देशभक्ति और उत्कृष्टता के लिए प्रयासरत भारतीय भावना का प्रतीक” बताया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, “लेफ्टिनेंट कर्नल (मानद) नीरज चोपड़ा अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रीय गौरव के उच्चतम आदर्शों का प्रतीक हैं और खेल जगत तथा सशस्त्र बलों में आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।”

प्रादेशिक सेना में मानद कमीशन पाने वाले सम्मानित हुए राष्ट्रपति द्वारा

रक्षा मंत्रालय ने बताया कि लेफ्टिनेंट कर्नल (मानद) नीरज चोपड़ा को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों और राष्ट्र के प्रति अनुकरणीय सेवा के सम्मान में 16 अप्रैल को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा प्रादेशिक सेना में मानद कमीशन प्रदान किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here