नई दिल्ली. 2026 की वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप अभी कुछ महीने दूर है, लेकिन मौजूदा चैंपियन डी. गुकेश और उज़्बेकिस्तान के युवा खिलाड़ी जावोखिर सिंदारोव के बीच होने वाले मुकाबले ने अभी से सुर्खियां बटोरनी शुरू कर दी हैं। यह मुकाबला कई मायनों में ऐतिहासिक होगा, क्योंकि दोनों खिलाड़ियों की उम्र बेहद कम है और यह शतरंज इतिहास का सबसे युवा वर्ल्ड चैंपियनशिप मुकाबला बन सकता है।
सिंदरोव ने कैंडिडेट्स टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी को चौंका दिया। उन्होंने 14 में से 10 अंक हासिल किए और पूरे टूर्नामेंट में एक भी मुकाबला नहीं हारा। उनकी आक्रामक शैली और तेज फैसले लेने की क्षमता ने दिग्गज खिलाड़ियों को भी प्रभावित किया है। दूसरी ओर, गुकेश शांत और रणनीतिक खेल के लिए जाने जाते हैं। वह गहराई से सोचकर चाल चलते हैं और मुश्किल परिस्थितियों में भी संतुलन बनाए रखते हैं।
दोनों खिलाड़ियों के बीच अब तक तीन क्लासिकल मुकाबले हो चुके हैं, जिनमें एक सिंदारोव ने जीता है और दो ड्रॉ रहे हैं। हाल ही में टाटा स्टील चेस टूर्नामेंट में दोनों के बीच मुकाबला ड्रॉ रहा, जिसमें सिंदारोव ने कठिन स्थिति से शानदार वापसी की थी।
हालांकि, मौजूदा फॉर्म सिंदारोव के पक्ष में नजर आती है, जबकि गुकेश हाल के टूर्नामेंट्स में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। इसके बावजूद, गुकेश को कम आंकना बड़ी गलती हो सकती है, क्योंकि उन्होंने पहले भी दबाव में शानदार प्रदर्शन किया है।
यह मुकाबला दो अलग-अलग शैलियों की टक्कर होगा। सिंदारोव जहां तेज और आक्रामक खेल दिखाते हैं, वहीं गुकेश धैर्य और गहरी रणनीति के साथ खेलते हैं। यही कारण है कि यह मुकाबला बेहद रोमांचक और अनिश्चित माना जा रहा है।
फिलहाल शुरुआती आकलन में सिंदारोव को हल्की बढ़त मिलती दिख रही है, लेकिन चैंपियन गुकेश किसी भी समय मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं। शतरंज प्रेमियों के लिए यह मुकाबला एक यादगार जंग साबित हो सकता है।


