घरेलू क्रिकेट के प्रदर्शन पर सवाल, वनडे टीम में चयन को लेकर हनुमा विहारी ने रखी बात

0

नई दिल्ली : भारत को वेस्टइंडीज के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज के बाद 5 मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है, जिसके लिए भारतीय टीम का ऐलान किया जा चुका है। वनडे सीरीज के दौरान भारतीय पुरुष टी20 टीम जापान में एशियन गेम्स 2026 में हिस्सा ले रही होगी। ऐसे में कई प्रमुख खिलाड़ी वनडे टीम के चयन के लिए उपलब्ध नहीं हो पाएंगे। इसी वजह से भारतीय चयनकर्ताओं ने वनडे टीम में कुछ नए चेहरों को मौका दिया है।

वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए चुनी गई भारतीय टीम में पहली बार 26 साल के नमन धीर को शामिल किया गया है। नमन धीर ने हाल ही में शेर-ए-पंजाब टी20 लीग 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाए थे। उनके इस शानदार प्रदर्शन को देखते हुए चयनकर्ताओं ने उन्हें वनडे टीम में जगह दी। हालांकि, नमन धीर के चयन पर भारतीय टेस्ट बल्लेबाज हनुमा विहारी ने सवाल उठाए हैं और वह चयनकर्ताओं के इस फैसले से असहमति जताते नजर आए।

नमन धीर का चयन हैरान करने वाला, हनुमा विहारी ने उठाए सवाल

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हनुमा विहारी ने अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए कहा कि बेशक भारतीय वनडे टीम में कई बदलाव हुए हैं क्योंकि उसी समय एशियन गेम्स भी हो रहे हैं, लेकिन उन्होंने नमनधीर को चुना है और ये कैसे हो सकता है। उनके घरेलू क्रिकेट के आंकड़े बहुत प्रभावशाली नहीं हैं। हां, उन्होंने पंजाब टी20 लीग में एक बड़ी पारी खेली थी और मुंबई इंडियंस के लिए भी कुछ मैच जिताए हैं, लेकिन उनका प्रदर्शन उतार-चढ़ाव वाला रहे है। मुझे इस पर शक है और उनका चयन हैरान करने वाला है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हनुमा विहारी ने आगे कहा कि नमन धीर को टीम में चुनने के पीछे एकमात्र वजह ये हो सकती है कि वो एक अच्छे बल्लेबाज तो हैं ही साथ ही गेंदबाजी भी कर सकते हैं। भारतीय वनडे सेटअप में टॉप-6 में कोई ऐसा नहीं है जो अच्छी गेंदबाजी भी कर सके। इस टीम में रविंद्र जडेजा की वापसी हुई है, लेकिन टॉप-6 में कौन गेंदबाजी करता है। मुझे लगता है कि इसलिए उन्होंने नमन धीर को टीम में शामिल किया है। आपको बता दें कि नमन धीर ने 14 लिस्ट ए मैच मैचों में 39.00 की औसत से 351 रन बनाए हैं और 7 विकेट भी लिए हैं।

वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम

शुबमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (उप-कप्तान, विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, मोहम्मद सिराज, आकिब नबी, यशस्वी जायसवाल, नमन धीर।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here