Suryakumar Yadav को कमान मिलने से हार्दिक पंड्या को IPL में भी हो सकता है नुकसान

0

नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2024 का खिताब जीतते ही रोहित शर्मा ने क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप को अलविदा कह दिया। इसके बाद भारतीय क्रिकेट टीम को टी20 इंटरनेशनल में नए कप्तान की तलाश है। कुछ दिन पहले तक हार्दिक पंड्या इसके प्रबल और एकमात्र दावेदार लग रहे थे, लेकिन श्रीलंका दौरे के लिए टीम चयन से पहले सूर्यकुमार यादव इस रेस में शामिल हो गए हैं। पंड्या के चोटिल रहने के ट्रैक रिकॉर्ड के कारण सूर्यकुमार यादव के कप्तान बनने की संभावना है।

सूर्यकुमार यादव को कमान मिलने से हार्दिक पंड्या केवल भारतीय टीम की कप्तानी नहीं गंवाएंगे, बल्कि इंडियन प्रीमियर लीग 2025 (IPL 2025) में भी उनके लिए मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं। हार्दिक और सूर्यकुमार एक ही फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस (MI) का हिस्सा हैं। आईपीएल 2025 से पहले मेगा ऑक्शन होना है। इससे पहले मुंबई की टीम जरूर सूर्यकुमार यादव को रिटेन करना चाहेगी। कम से कम टी20 में सूर्यकुमार यादव को तो यूं ही नहीं जाने दिया जा सकता।

अगर सूर्यकुमार यादव को मुंबई इंडियंस रिटेन करना चाहती है और वह भारतीय टीम के कप्तान बनते हैं तो क्या वह आईपीएल में बतौर खिलाड़ी खेलेंगे? क्या भारत का टी20 कप्तान अपने ही देश की फ्रेंचाइजी लीग में किसी और की कप्तानी में खेलेगा? क्या ऐसा पहले हुआ है? ऐसा पहले हो चुका है। एक ही बार हुआ है। आईपीएल 2023 में हार्दिक पंड्या की अगुआई में रोहित शर्मा खेले थे। हालांकि, जब मुंबई इंडियंस ने हार्दिक को कप्तान बनाने का फैसला लिया तब यह तय नहीं था कि टी20 में भारत के कप्तान रोहित होंगे।

2022 टी20 वर्ल्ड कप के बाद रोहित शर्मा सालभर टी20 इंटरनेशनल नहीं खेले। उनकी जगह हार्दिक पंड्या ने टीम की कमान संभाली। इसके बाद पिछले साल के अंत में मुंबई इंडियंस (MI) ने हार्दिक पंड्या को गुजरात टाइटंस (GT) से ट्रेड किया और कप्तान बना दिया। रोहित शर्मा 2024 की शुरुआत में अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज में खेले। इसके बाद भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) के सचिव जय शाह ने कंफर्म किया कि टी20 वर्ल्ड कप में रोहित कप्तान होंगे।

अब आईपीएल 2025 की बात करें तो मुंबई इंडियंस (MI) 2024 के खराब सीजन को भुलकर आगे बढ़ना चाहेगी। इस दौरान उसे फैसला करना होगा कि हार्दिक पंड्या को कप्तान बनाए रखा जाए, जिनकी अगुआई में पिछले सीजन टीम ने न सिर्फ खराब प्रदर्शन किया बल्कि ड्रेसिंग रूम का माहौल भी खराब दिखा। अगर पंड्या को कप्तान बरकरार रखा जाता है तो सूर्यकुमार यादव और मुंबई इंडियंस की राहें जुदा हो सकती हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here