नई दिल्ली : मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2026 में 14 में से 10 मैच गंवाकर 9वें स्थान पर रहने के बाद बड़ा बदलाव करने की तैयारी शुरू कर दी है। खराब प्रदर्शन के बाद टीम में कप्तानी परिवर्तन की चर्चा तेज हो गई है और मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हार्दिक पंड्या की कप्तानी पर खतरा मंडरा रहा है। इसी के साथ टीम के स्क्वाड में भी बड़े फेरबदल की संभावना जताई जा रही है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कोचिंग स्टाफ सीनियर खिलाड़ियों के प्रदर्शन से भी संतुष्ट नहीं है, जिससे टीम के अंदर असंतोष की स्थिति बनी हुई है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आईपीएल 2026 के दौरान कई संकेत मिले कि टीम मैनेजमेंट हार्दिक पंड्या को कप्तान बनाए रखने के पक्ष में नहीं था और इस पर टीम के भीतर खुलकर चर्चा भी हुई। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ सीजन के आखिरी मैच के बाद कोचिंग स्टाफ ने टीम के खिलाड़ियों के साथ बैठक की, जिसमें सीनियर खिलाड़ियों को साफ संदेश दिया गया कि उन्हें हर स्थिति में कोचिंग स्टाफ की रणनीति और निर्देशों का पालन करना होगा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, कई मौकों पर डेटा आधारित सुझाव दिए गए, लेकिन कुछ खिलाड़ियों ने उन्हें गंभीरता से नहीं लिया, जिससे टीम मैनेजमेंट और खिलाड़ियों के बीच मतभेद की स्थिति बनी रही।
मुंबई इंडियंस में बदलाव की तैयारी, हर विकल्प पर विचार
आगे क्या होगा? मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ‘आने वाले दिनों में इस पर गंभीरता से सोचा जाएगा और चर्चा होगी। हर विकल्प पर विचार होगा। कई सवालों पर ध्यान देने की जरूरत है। आगे चलकर, क्या हार्दिक कप्तान बन रह सकते हैं? क्या वह सिर्फ एक खिलाड़ी के तौर पर टीम में रहेंगे?’
समस्या सिर्फ कप्तानी तक सीमित नहीं
समस्या कप्तानी से भी गहरी है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ‘हम इस आईपीएल में कुछ ज्यादा सफल टीमों की तरह पावरप्ले का इस्तेमाल नहीं कर पाए हैं। हम समय के साथ आगे नहीं बढ़ पाए हैं।’ इस साल प्लेऑफ में जगह बनाने वाली टीमों राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद ने टी20 में बल्लेबाजी को नए तरीके परिभाषित किया। टॉप ऑर्डर ने लगातार 10 रन प्रति ओवर से ज्यादा से रन बनाए।
MI के खिलाड़ियों का फीका प्रदर्शन, ऑरेंज-पर्पल कैप की दौड़ से बाहर
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस में अनुभवी गेंदबाजों भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज की अहमियत दिखने को मिली। मुंबई इंडियंस में बड़े नाम थे, लेकिन वह टी20 में बदलाव को अपना नहीं पाई। मुंबई इंडियंस का कोई भी खिलाड़ी ऑरेंज या पर्पल कैप की रेस में नहीं था। टीम के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज रयान रिकेल्टन सबसे ज्यादा रन बनाने वालों में 17वें नंबर पर हैं। लेग-स्पिनर अल्लाह गजनफर विकेट लेने वालों में 14वें नंबर पर हैं। हर क्रम पर मैच-विनर खिलाड़ियों वाली टीम का ऐसे प्रदर्शन को समझाना मुश्किल है।
हार्दिक पंड्या और मुंबई इंडियंस का सफर
मुंबई इंडियंस के साथ हार्दिक पंड्या का रिश्ता पहले भी पेचिदा रहा है। मुंबई इंडियंस के लिए खेलने से उन्हें पहचान मिली। उन्हें 2022 में फ्रेंचाइजी ने रिलीज कर दिया, वे गुजरात टाइटंस में चले गए और कप्तान के तौर पर आईपीएल जीता। 2024 में टीम में वापसी हुई और रोहित शर्मा को हटाकर उन्हें कप्तान बनाया गया। यह तब हुआ जब रोहित ने भारत को 50 ओवर के वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंचाया था।
बड़े फैसलों से पहले मुंबई इंडियंस ने लिया ब्रेक
मुंबई इंडियंस के साथ फैंस ने हालिया बदलाव को स्वीकार नहीं किया है। 2024 में टीम अंक तालिका में सबसे नीचे रही, जबकि इस दौरान हार्दिक पंड्या को काफी आलोचना और विरोध का सामना करना पड़ा। 2025 में टीम का प्रदर्शन कुछ हद तक सुधरता दिखा, लेकिन 2026 में एक बार फिर गिरावट देखने को मिली। फिलहाल मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी और फैसले लेने वाले सभी लोग ब्रेक पर हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आने वाले हफ्तों में जब टीम दोबारा एकत्र होगी, तो कड़ी समीक्षा और चर्चा की जाएगी। इसी बैठक में यह तय किया जाएगा कि हार्दिक पंड्या कप्तानी जारी रखेंगे, टीम के लिए खेलेंगे या फिर दोनों के भविष्य पर अलग फैसला लिया जाएगा।


