हरमनप्रीत और पीआर श्रीजेश एफआईएच हॉकी महासंघ ने वर्ष के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के पुरस्कार के लिए नामित

0

नई दिल्ली: भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह को अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) ने वर्ष के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के पुरस्कार के लिए नामित किया है। वहीं, पूर्व गोलकीपर पीआर श्रीजेश को वर्ष के सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर के पुरस्कार के लिए नामित किया है। दोनों ने पेरिस ओलंपिक में भारत के शानदार अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और टीम को कांस्य पदक दिलाया था।

कप्तान हरमनप्रीत ने इस ओलंपिक में सबसे ज्यादा 10 गोल किए थे। वह इस ओलंपिक में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी हैं। इस पुरस्कार की दौड़ में हरमनप्रीत के अलावा थिएरी ब्रिंकमैन (नीदरलैंड), जोएप डी मोल (नीदरलैंड), हेंस मुलर (जर्मनी) और जैच वालेस (इंग्लैंड) शामिल हैं। अपने आखिरी टूर्नामेंट में खेलते हुए अनुभवी गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार गोलकीपिंग की थी। भारत ने स्पेन को 2-1 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया था। वहीं, श्रीजेश का मुकाबला पिरमिन ब्लैक (नीदरलैंड), लुइस कैलजाडो (स्पेन), जीन-पॉल डैनबर्ग (जर्मनी), टॉमस सैंटियागो (अर्जेंटीना) है।

एफआईएच ने अपनी वेबसाइट पर इस सूची को जारी करते हुए कहा-नामांकन हासिल करने वालों का चयन एक विशेष समिति द्वारा किया गया है जिसमें प्रत्येक महाद्वीपीय संघ द्वारा चुने गए खिलाड़ी, कोच और अधिकारी शामिल हैं। इस सूची को अंतिम रूप देने से पहले विशेषज्ञ समिति को 2024 में आयोजित सभी अंतरराष्ट्रीय मैचों के मैच डेटा मुहैया कराए गए थे। इसमें टेस्ट मैच, एफआईएच हॉकी प्रो लीग, एफआईएच हॉकी नेशंस कप, एफआईएच हॉकी ओलंपिक क्वालीफायर और पेरिस ओलंपिक 2024 के मुकाबले शामिल थे।

राष्ट्रीय संघों (उनकी संबंधित राष्ट्रीय टीमों के कप्तानों और कोचों द्वारा प्रतिनिधित्व), प्रशंसकों, खिलाड़ियों, कोचों, अधिकारियों और मीडिया के लिए मतदान प्रक्रिया 11 अक्टूबर तक जारी रहेगी। एफआईएच ने आगे कहा- विशेषज्ञ समिति के मतों को 40 प्रतिशत महत्व मिलेगा जबकि राष्ट्रीय संघो, प्रशंसकों एवं अन्य खिलाड़ियों और मीडिया के मतों को 20-20 प्रतिशत महत्व मिलेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here