नई दिल्ली : इंग्लैंड ने तीन मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में श्रीलंका को 119 रन से हराकर शानदार शुरुआत की। इस मुकाबले में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने शानदार शतक जड़कर इतिहास रच दिया। यह 2026 में टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बतौर कप्तान ब्रूक का दूसरा शतक था। इसके साथ ही वह एक कैलेंडर वर्ष में दो टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक लगाने वाले पहले कप्तान बन गए हैं। टेस्ट क्रिकेट में एक साल में बतौर कप्तान दो शतक लगाने का रिकॉर्ड रिकी पोंटिंग के नाम है, जबकि वनडे में विराट कोहली ने यह उपलब्धि हासिल की है। ब्रूक ने इस खास उपलब्धि के साथ रोहित शर्मा से जुड़ी कप्तानों की खास सूची में भी अपनी जगह बना ली है।
हैरी ब्रूक ने बतौर फुल मेंबर टीम के कप्तान टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में रोहित शर्मा और बाबर आजम की सूची में जगह बना ली है। रोहित शर्मा और बाबर आजम ने बतौर कप्तान टी20 अंतरराष्ट्रीय में तीन-तीन शतक लगाए हैं। वहीं, ब्रूक ने कप्तान के रूप में अपनी 23वीं पारी में दूसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक जड़कर इस खास सूची में अपनी दावेदारी मजबूत की है। इसके अलावा, ब्रूक 2026 में अब तक सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बने हुए हैं।
एक कैलेंडर ईयर में टेस्ट, वनडे और T20I में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले फुल मेंबर देशों के कप्तान
टेस्ट: रिकी पोंटिंग ने 2006 में बतौर कप्तान 6 शतक लगाए
वनडे: विराट कोहली ने बतौर कप्तान 2017 और 2018 में 6-6 शतक लगाए
T20I: हैरी ब्रूक ने बतौर कप्तान 2026 में अब तक 2 शतक लगाए*
T20I में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा शतक (फुल मेंबर देश)
रोहित शर्मा: 3 शतक (62 पारी)
बाबर आजम: 3 शतक (78 पारी)
हैरी ब्रूक: 2 शतक (23 पारी)
इंग्लैंड ने जीता पहला मुकाबला, सीरीज में 1-0 से आगे
इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 20 ओवर में चार विकेट पर 254 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जोस बटलर ने 44 गेंदों पर 80 रन की शानदार पारी खेली, जबकि कप्तान हैरी ब्रूक ने 49 गेंदों पर नाबाद 114 रन बनाए। जवाब में श्रीलंकाई टीम 19 ओवर में 135 रन पर ऑलआउट हो गई। श्रीलंका की ओर से दुनिथ वेल्लालगे ने सर्वाधिक 33 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए सोनी बेकर ने तीन विकेट चटकाए, जबकि लियाम डॉसन और जेमी ओवरटन को दो-दो विकेट मिले। जोश टंग, विल जैक्स और आदिल राशिद ने भी एक-एक विकेट अपने नाम किया। दोनों टीमों के बीच सीरीज का दूसरा मुकाबला 17 सितंबर को कार्डिफ में खेला जाएगा।


