नई दिल्ली : एमएस धोनी के अंगूठे की चोट अभी पूरी तरह ठीक नहीं हुई है, इसलिए वह अपने घर रांची लौट गए हैं। वहीं उनकी टीम चेन्नई सुपर किंग्स गुरुवार 21 मई को गुजरात टाइटंस के खिलाफ अहम मुकाबला खेलने उतरेगी। चेन्नई सुपर किंग्स की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें भले कमजोर हों, लेकिन अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 ऐसा पहला सीजन बन गया है, जिसमें धोनी ने एक भी मैच नहीं खेला। इसके बाद उनके भविष्य को लेकर सवाल और चर्चाएं तेज हो गई हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार चेन्नई सुपर किंग्स के बल्लेबाजी कोच माइक हसी ने बताया, ‘‘मैं इस बात की पुष्टि कर सकता हूं कि धोनी टीम के साथ यहां (अहमदाबाद) नहीं हैं, लेकिन अगर हम क्वालिफ़ाई कर लेते हैं तब वह निश्चित रूप से टीम में वापस शामिल हो जाएंगे। उनके अंगूठे में थोड़ी तकलीफ है। वह अच्छी तरह से ठीक हो रहे हैं, लेकिन वह इस मैच के लिए तैयार नहीं होंगे। अगर हम प्ले-ऑफ में पहुंचने में कामयाब हो जाते हैं तो उम्मीद है कि वह ठीक हो जाएंगे।’’
आईपीएल 2026 की शुरुआत में पिंडली की चोट के कारण दो हफ्तों तक बाहर रहने के बाद एमएस धोनी ने फिट होने के बावजूद मैचों से दूर रहने का फैसला किया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बताया जा रहा है कि वह युवा खिलाड़ी कार्तिक शर्मा की जगह नहीं लेना चाहते थे, क्योंकि टीम उन्हें अगले सीजन के लिए तैयार कर रही है। हालांकि, टीम में लगातार बढ़ती चोटों की समस्या और जेमी ओवरटन के जांघ की चोट के चलते घर लौटने से स्क्वॉड में एक जगह खाली हो गई थी।
लखनऊ रवाना होने वाले थे धोनी, अचानक लौटे रांची
ऐसे में एमएस धोनी को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मुकाबले के लिए टीम के साथ लखनऊ जाना था। हालांकि, अभ्यास सत्र के दौरान अंगूठे में चोट लगने के कारण वह बाहर हो गए। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अंतिम घरेलू मैच में टीम के 12 खिलाड़ियों में शामिल होने की कोशिश की, लेकिन पूरी तरह फिट नहीं होने के कारण खुद को मुकाबले से अलग कर लिया।
मैच के दिनों में किसी भी मैदान पर नहीं जाने का फैसला करने के बाद एमएस धोनी सोमवार को एमए चिदंबरम स्टेडियम में भी कम ही दिखे। हालांकि, वह टीम के अन्य खिलाड़ियों के साथ होटल से निकले थे, लेकिन मैदान पर वह सिर्फ इनिंग ब्रेक के दौरान टीम फोटो के लिए ही आए। जब मैच खत्म हो गया तो एमएस धोनी ने बाकी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के साथ मैदान का चक्कर लगाया।
टीम प्लानिंग में भी हिस्सा नहीं ले रहे एमएस धोनी
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार एमएस धोनी जहां पहले टीम की प्लानिंग और तैयारियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे, वहीं इस सीजन उन्होंने खुद को इन जिम्मेदारियों से काफी हद तक अलग रखा है। अब टीम की रणनीति की जिम्मेदारी हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ संभाल रहे हैं। वहीं नेट सेशन के दौरान धोनी युवा खिलाड़ियों कार्तिक शर्मा और प्रशांत वीर को तैयार करने पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं। इन दोनों खिलाड़ियों को टीम ने 14.2 करोड़ रुपये में खरीदा था।
हालांकि, एमएस धोनी ने इस बार पर्दे के पीछे रहना ही ज्यादा पसंद किया है। सनराइजर्स हैदराबाद से हार के बाद जब हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग से अगले सीजन को लेकर धोनी से हुई बातचीत के बारे में पूछा गया, तो उनका जवाब बेहद छोटा था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार फ्लेमिंग ने कहा, “नहीं। हम अभी इसी सीजन पर फोकस कर रहे हैं।” उनका यह जवाब इसलिए भी चौंकाने वाला माना गया, क्योंकि चेन्नई सुपर किंग्स उन फ्रेंचाइजियों में गिनी जाती है, जो सीजन के दौरान ही भविष्य की योजना बनाने लगती हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, धोनी इस सीजन खेलने की संभावना को लेकर काफी उत्साहित थे, खासकर इम्पैक्ट प्लेयर की भूमिका में। वहीं विकेटकीपिंग के लिए संजू सैमसन को पहले से तैयार रखा गया था।
एमएस धोनी का 45वां जन्मदिन अब दूर नहीं
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, दोहरी चोटों की वजह से एमएस धोनी इस सीजन एक भी मैच नहीं खेल पाए। अब जब वह जल्द ही 45 साल के होने वाले हैं, तो यह बड़ा सवाल बना हुआ है कि क्या वह अगले सीजन में खिलाड़ी के तौर पर वापसी करेंगे या नहीं। फिलहाल इसको लेकर सिर्फ कयास ही लगाए जा रहे हैं, क्योंकि धोनी ने अब तक चेन्नई सुपर किंग्स फ्रेंचाइजी को अपनी आगे की योजनाओं के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है।


