नई दिल्ली : एशेज सीरीज 2025-26 में ऑस्ट्रेलिया के ओपनर ट्रेविस हेड ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से इंग्लैंड की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हेड ने सिडनी में पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के तीसरे दिन (6 जनवरी) सीरीज का तीसरा शतक जड़ा। उन्होंने 166 गेंदों का सामना करते हुए 24 चौकों और 1 छक्के की मदद से 163 रन बनाए और ऑस्ट्रेलिया को अकेले दम पर मुकाबले में बनाए रखा। उल्लेखनीय है कि इस एशेज सीरीज में हेड अब तक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
हेड का यह सिडनी में पहला शतक था। इस शतक के साथ ही उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज खिलाड़ी मैथ्यू हेडन समेत आधा दर्जन ओपनरों की बराबरी कर ली। इनके नाम ऑस्ट्रेलिया के बतौर ओपनर एक एशेज सीरीज में सबसे ज्यादा शतक का रिकॉर्ड है। ऑर्थ मॉरिस और माइकल स्लेटर ने 2 बार बतौर ओपनर एशेज सीरीज में 3-3 शतक जड़े हैं। 2002-03 के बाद पहली किसी ऑस्ट्रेलियाई ओपनर ने एक एशेज सीरीज में इतने शतक जड़े।
एशेज सीरीज में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले ऑस्ट्रेलियाई ओपनर
3 – जो डार्लिंग 1897/98।
3 – बिल वुडफुल 1928/29।
3 – आर्थर मॉरिस 1946/47।
3 – आर्थर मॉरिस 1948।
3 – बिल लॉरी 1965/66।
3 – माइकल स्लेटर 1994/95।
3 – माइकल स्लेटर 1998/99।
3 – मैथ्यू हेडन 2002/03।
3 – ट्रैविस हेड 2025/26।
एशेज 2025-26: ट्रेविस हेड का धमाकेदार प्रदर्शन
एशेज 2025-26 में ट्रेविस हेड का तूफान देखने को मिला है। उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज 400 तक का आंकड़ा नहीं छू पाया है। हेड ने 9 पारियों में 66.67 के औसत और 87.59 के स्ट्राइक रेट से 600 रन बनाए हैं। इसमें 69 चौके और 9 छक्के शामिल हैं। उन्होंने 170,163 और 123 रनों की पारी खेली है।
हेड को मिला जीवनदान, ऑस्ट्रेलिया की उम्मीदें जिंदा
हेड को बड़ी राहत तब मिली जब ब्रायडन कार्स की गेंद पर इंग्लैंड के विल जैक्स ने 121 रन पर उनका कैच छोड़ दिया। हेड ने एक शॉर्ट बॉल मिड विकेट की तरफ खेली, जहां जैक्स ने दोनों हाथों से कैच पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह टपक गया। यह इस एशेज सीरीज में इंग्लैंड द्वारा छोड़ा गया 12वां कैच था। इसके बाद हेड ने थोड़ी देर के लिए अपनी रन-रेट धीमी की, लेकिन माइकल नेसर के कार्स की गेंद पर कैच आउट होने के बाद उन्होंने तेजी से रन बनाना शुरू किया। हेड ने पारी का पहला छक्का जड़ा और फिर एक और बाउंड्री लगाकर 150 रन पूरे किए, जिससे उनका स्कोर 152 गेंदों में 153 हो गया। लंच तक उन्होंने 24 चौके और एक छक्का जड़ा था। इसके बाद हेड को जैक्स ने दूसरी बार जीवनदान दिया, जब उन्होंने हेड की ही गेंद पर एक मुश्किल कैच छोड़ दिया।

