हेनिल पटेल का ऑलराउंड जलवा, वैभव फेल लेकिन भारत को बढ़त; एक दिन में गिरे 17 विकेट

0

नई दिल्ली: भारत और ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीमों के बीच दूसरा यूथ टेस्ट मंगलवार से शुरू हुआ, और पहले ही दिन मुकाबला रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 की टीम सिर्फ 135 रन पर सिमट गई। भारत के लिए हेनिल पटेल और खिलन पटेल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट झटके। गेंद से कमाल करने के बाद हेनिल पटेल ने बल्ले से भी टीम को संभाला और भारत को पहली पारी में बढ़त दिला दी। हालांकि, ओपनर वैभव सूर्यवंशी इस बार फ्लॉप रहे और सिर्फ 20 रन बनाकर आउट हो गए। कप्तान आयुष म्हात्रे की खराब फॉर्म भी जारी रही, जिससे टीम की शुरुआत कमजोर रही, लेकिन हेनिल की ऑलराउंड परफॉर्मेंस ने भारत को मज़बूत स्थिति में पहुंचा दिया।

अगर पहले दिन के खेल की बात करें तो पहले खेलने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को पहले ओवर से ही झटके लगना शुरू हो चुके थे। उधव मोहन ने साइमन बज को 3 के स्कोर पर पवेलियन भेज दिया। उसके बाद 32 रन पर आधी ऑस्ट्रेलियाई टीम पवेलियन लौट गई। फिर कुछ हद तक यश देशमुख और एलेक्स ली यंग ने पारी को संभालते हुए 59 रन जोड़े। मगर इस साझेदारी को भी खिलान ने तोड़ते हुए भारत को छठी सफलता दिलाई। यंग ने 66 रन की पारी खेली और जैसे-तैसे ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 130 के पार पहुंचाया। हेनिल और खिलान के अलावा उधव मोहन ने 2 विकेट अपने नाम किए।

वैभव और आयुष की नाकामी से भारत को शुरुआत में झटका

भारत-अंडर 19 की पारी में एक बार फिर टॉप ऑर्डर नाकाम रहा। तीसरे नंबर पर उतरे वैभव सूर्यवंशी ने शुरुआत तो आक्रामक की और सिर्फ 14 गेंदों पर 20 रन ठोक दिए, लेकिन वह अपनी पारी को आगे नहीं बढ़ा सके। कप्तान आयुष म्हात्रे ने भी फिर से निराश किया और सिर्फ 4 रन बनाकर पवेलियन लौटे। वहीं ओपनर विहान मल्होत्रा भी 11 रन बनाकर आउट हो गए। टीम ने 41 रन पर ही तीन विकेट गंवा दिए थे। पिछले मैच के शतकवीर वेदांत त्रिवेदी ने राहुल कुमार के साथ पारी को थोड़ा संभालने की कोशिश की, लेकिन 39 रन की साझेदारी के बाद राहुल आउट हो गए। इसके बाद भारतीय पारी लड़खड़ा गई और 82 रन तक छह विकेट गिर चुके थे।

‘पटेल’ जोड़ी ने भारत को मजबूत बढ़त दिलाई

हेनिल पटेल और खिलान पटेल ने गेंदबाजी में तीन-तीन विकेट लेकर ऑस्ट्रेलियाई टीम को परेशान किया। इसके बाद बल्लेबाजी में भी दोनों ने जबरदस्त साझेदारी करते हुए सातवें विकेट के लिए 48 रन जोड़े, जिससे भारत का स्कोर 130 के करीब पहुंच गया। पहले दिन के अंत तक भारत ने ऑस्ट्रेलिया के 135 रन के जवाब में 7 विकेट गंवाकर 144 रन बना लिए थे। हेनिल पटेल क्रीज पर 22 रन के साथ डटे हुए हैं, जबकि खिलान पटेल 26 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। हेनिल के साथ दीपेश दीवेंद्रन 6 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। भारत दूसरे दिन अपनी पारी 9 रन की बढ़त के साथ शुरू करेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here