एनएसटी न्यूज, भोपाल: मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित हीरालाल गायकवाड़ ट्रॉफी अंडर-18 बॉयज इंटर डिवीजनल मल्टी डे क्रिकेट टूर्नामेंट में भोपाल डिवीजन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सागर डिवीजन को फॉलोऑन खेलने पर मजबूर कर दिया। यह चार दिवसीय मुकाबला भोपाल के फैथ क्रिकेट मैदान पर खेला जा रहा है। मैच के दूसरे दिन भोपाल डिवीजन ने अपनी पहली पारी में कल के स्कोर 6 विकेट पर 282 रन से आगे खेलते हुए 112.3 ओवर में 349 रन बनाकर पारी समाप्त की। टीम की ओर से हर्षित शर्मा ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 94 रनों की अहम पारी खेली। सागर डिवीजन की ओर से यशमीत सिंह और निष्कर्ष सक्सेना ने 3-3 विकेट लिए, जबकि प्रियांश झारिया को 2 सफलता मिली। जवाब में सागर डिवीजन की टीम पहली पारी में 57.3 ओवर में मात्र 83 रन पर सिमट गई। आकर्ष विश्वकर्मा ने सर्वाधिक 31 रन बनाए। भोपाल डिवीजन की घातक गेंदबाजी के सामने सागर की बल्लेबाजी टिक नहीं सकी। ओजस शुक्ला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 6 विकेट झटके, जबकि दिव्यांश बंडोलिया ने 2 विकेट अपने नाम किए। इस तरह भोपाल डिवीजन ने पहली पारी में 266 रनों की बड़ी बढ़त हासिल कर ली और सागर डिवीजन को फॉलोऑन खेलने पर मजबूर किया। दूसरी पारी में सागर डिवीजन ने दिन का खेल समाप्त होने तक 10.3 ओवर में 3 विकेट खोकर 19 रन बना लिए हैं।

