हीरालाल गायकवाड़ ट्रॉफी अंडर-18: कप्तान ओजस शुक्ला के शतक से भोपाल डिविजन मजबूत

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल। मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित हीरालाल गायकवाड़ ट्रॉफी अंडर-18 बॉयज इंटर डिविजनल मल्टी डे क्रिकेट टूर्नामेंट के मुकाबले का शुभारंभ भोपाल के OFCA मैदान पर हुआ। पहले दिन भोपाल डिविजन और उज्जैन डिविजन के बीच खेले गए मैच में कप्तान ओजस शुक्ला की शानदार शतकीय पारी की बदौलत भोपाल ने मजबूत स्थिति बना ली है। भोपाल डिविजन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। दिन का खेल समाप्त होने तक टीम ने 98 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 346 रन बना लिए। कप्तान ओजस शुक्ला ने जिम्मेदारी भरी बल्लेबाजी करते हुए 162 रनों की शानदार पारी खेली और टीम की पारी को मजबूती दी। ओजस शुक्ला को अन्य बल्लेबाजों का भी अच्छा साथ मिला। उन्होंने मलय श्रीवास्तव के साथ पहले विकेट के लिए 132 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। मलय श्रीवास्तव ने 71 रनों का उपयोगी योगदान दिया। इसके बाद तीसरे विकेट के लिए ओजस शुक्ला और आलिफ हसन के बीच 118 रनों की साझेदारी हुई। आलिफ हसन ने 52 रनों की सधी हुई पारी खेली, जिससे भोपाल डिविजन ने मैच में दबदबा बना लिया। उज्जैन डिविजन की ओर से गेंदबाजी में भावेश जाट ने संघर्ष करते हुए 2 विकेट हासिल किए। अन्य गेंदबाजों को सीमित सफलता मिली। मैच का दूसरा दिन बुधवार को खेला जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here