हीरालाल गायकवाड़ ट्रॉफी अंडर-18: नर्मदापुरम 78 पर सिमटा, भोपाल डिवीजन मजबूत स्थिति में

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल। मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित हीरालाल गायकवाड़ ट्रॉफी अंडर-18 बॉयज इंटर डिवीजनल मल्टी डे क्रिकेट टूर्नामेंट के अंतर्गत भोपाल के ओल्ड फ्रेंड्स क्रिकेट मैदान पर चार दिवसीय मुकाबले की शुरुआत हुई। इस मैच में नर्मदापुरम डिवीजन और भोपाल डिवीजन आमने-सामने हैं। पहले दिन का खेल पूरी तरह भोपाल डिवीजन के नाम रहा।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी नर्मदापुरम डिवीजन की टीम भोपाल के अनुशासित गेंदबाजी आक्रमण के सामने टिक नहीं सकी और 36.4 ओवर में मात्र 78 रन पर ऑल आउट हो गई। नर्मदापुरम की ओर से रिद्देश मेहता और शिखर देशमुख ने सर्वाधिक 20-20 रन बनाए। इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज दोहरे अंक में नहीं पहुंच सका। भोपाल डिवीजन के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा। दिव्यांश बंडोलिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट झटके। वहीं रुद्र प्रताप सिंह तोमर, तेजस पटेल और आलिफ हसन ने 2-2 विकेट लेकर नर्मदापुरम की पारी को जल्दी समेटने में अहम भूमिका निभाई।

इसके जवाब में भोपाल डिवीजन ने सतर्क शुरुआत की और दिन का खेल समाप्त होने तक 15 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 53 रन बना लिए। भोपाल की ओर से मलय श्रीवास्तव 44 रन बनाकर नाबाद लौटे, जबकि कनिष्क गौतम भी बिना विकेट खोए उनका साथ निभा रहे हैं। भोपाल डिवीजन पहली पारी में मजबूत बढ़त की ओर अग्रसर है। मैच का दूसरा दिन बुधवार को खेला जाएगा, जिसमें भोपाल डिवीजन अपनी स्थिति और मजबूत करने की कोशिश करेगा, जबकि नर्मदापुरम डिवीजन की नजरें वापसी पर टिकी होंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here