भोपाल। हॉकी भोपाल टीम ने नौवें सब जूनियर नेशनल हॉकी टूर्नामेंट ए डिवीजन में लगातार दो मैच हारने के बाद पहली जीत दर्ज की। रायपुर में खेली जा रही इस प्रतियोगिता में भोपाल ने मंगलवार को कर्नाटक पर 5-2 की जीत दर्ज की। हालांकि पहला गोल कर्नाटक ने दागा, लेकिन बाद में भोपाल ने एक के बाद एक पांच गोल कर डाले। कर्नाटक की ओर से पहला गोल अंकित ने नौवें मिनट में पेनल्टी कार्नर पर करते हुए टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद भोपाल की ओर से विजय विश्वकर्मा ने 14वें मिनट में बराबरी का गोल कर दिया। फिर 23वें मिनट में भोपाल को पेनल्टी स्ट्रोक मिला। इस पर भोपाल के सद्दाम अहमद ने गोल कर टीम को 2-1 से आगे कर दिया। भोपाल ने तीसरे क्वार्टर में कप्तान इनामुर रहमान के गोल से स्काेर 3-1 कर दिया। इसी स्कोर पर तीसरा क्वार्टर समाप्त हुआ। चौथे व अाखिरी क्वार्टर में भोपाल के खिलाड़ियों ने दो गोल और दागे। इसमें मोहम्मद जमीर ने 52वें मिनट में तथा गगन राजभात ने 58वें मिनट में गोल किए। इस तरह भोपाल टीम ने अपने तीसरे लीग मुकाबले में कर्नाटक को 5-2 से हराया। इधर मप्र हॉकी अकादमी ने अन्य मैच में उप्र से ड्रा 4-4 से खेला। अकादमी की ओर से तेलम प्रियवर्त ने तीन गोल दागे। उन्होंने 14वें, 53वें और 59वें मिनट में गोल किए। जबकि एक गोल श्रेयस धुपे ने 24वें मिनट में किया। उप्र की ओर से सुजीत कुमार ने दो गोल किए। उन्होंने यह गोल 50वें और 52वें मिनट में दागे। जबकि शुरुआत के दो गोल हारिस मोहम्मद और अंकित प्रजापति की स्टिक से आए। यह गोल क्रमश: 10वें और 12वें मिनट में हुए।