नई दिल्ली: भारत ‘ए’ महिला हॉकी टीम 13 से 21 अक्तूबर तक चीन दौरे पर रहेगी, जहां वह लियाओनिंग टीम के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज खेलेगी। ये सभी मुकाबले दालियान स्थित लियाओनिंग स्पोर्ट्स सेंटर में आयोजित किए जाएंगे। यह दौरा भारतीय महिला हॉकी के भविष्य के लिहाज़ से बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसमें युवा और उभरती खिलाड़ी न केवल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने का अनुभव हासिल करेंगी, बल्कि उन्हें उच्च स्तरीय मुकाबलों में अपनी स्किल्स को निखारने का भी मौका मिलेगा।
आठ दिन के इस दौरे पर टीम 13, 15, 17, 19 और 21 अक्तूबर को लियाओनिंग टीम को चुनौती देगी। इस दौरे का लक्ष्य युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों में खुद को परखने और नयी चुनौतियों के लिए तैयार करने का मौका देना है। अनुभवी डिफेंडर मनीषा चौहान टीम की कमान संभालेंगी जबकि भारतीय महिला हॉकी टीम के विश्लेषणात्मक कोच डेव स्मोलेनार्स इस दौरे के लिए मुख्य कोच की भूमिका निभाएंगे। स्मोलेनार्स ने जारी विज्ञप्ति में कहा, ‘हमने एक मजबूत और युवा टीम तैयार की है जिसमें जबरदस्त संभावनाएं हैं। चीन में होने वाली यह सीरीज खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने नए माहौल में सीखने और अंतरराष्ट्रीय अनुभव प्राप्त करने का शानदार मौका देगी।’
भारत ‘ए’ टीम:
गोलकीपर: बंसारी सोलंकी, माधुरी किंडो
डिफेंडर: मनीषा चौहान, अक्षता अबासो ढेकाले, ज्योति छत्री, महिमा चौधरी, अंजना डुंगडुंग
मिडफील्डर: सुजाता कुजूर, दीपिका सोरेंग, अजमीना कुजूर, पूजा यादव, बलजीत कौर, दीपी मोनिका टोप्पो
फॉरवर्ड: अलबेला रानी टोप्पो, रितिका सिंह, अन्नू, चंदना जगदीशा, काजल सदाशिव अटपडकर, सेलेस्टिना होरो।


