भोपाल/नई दिल्ली। हॉकी इंडिया ने जापान के काकामिगाहारा में आयोजित होने वाले महिला अंडर-18 एशिया कप 2026 के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 29 मई से 6 जून तक खेला जाएगा। भारतीय टीम की कप्तानी स्वीटी कुजूर को सौंपी गई है, जबकि टीम ने भोपाल में आयोजित राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में करीब एक महीने तक तैयारी की। पूर्व भारतीय कप्तान रानी के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने फिटनेस, रणनीति और टीम संयोजन पर विशेष काम किया।
भारतीय टीम टूर्नामेंट में आत्मविश्वास के साथ उतर रही है। हाल ही में भोपाल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली गई चार मैचों की सीरीज में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की थी। इस प्रदर्शन से खिलाड़ियों का मनोबल काफी बढ़ा है। कोच रानी ने कहा कि यह टूर्नामेंट युवा खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खुद को साबित करने का बड़ा मंच है। उन्होंने कहा कि टीम ने पिछले कुछ सप्ताह में फिटनेस, सामंजस्य और आक्रामक हॉकी पर विशेष ध्यान दिया है।
भारत को पूल-ए में रखा गया है, जहां उसका मुकाबला कोरिया, मलेशिया और सिंगापुर से होगा। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 30 मई को मलेशिया के खिलाफ करेगी। इसके बाद 31 मई को कोरिया और 2 जून को सिंगापुर से मुकाबला होगा। दोनों पूल की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। सेमीफाइनल मुकाबले 5 जून और फाइनल 6 जून को खेला जाएगा।
भारतीय महिला अंडर-18 टीम में गोलकीपर महक परिहार और खिली कुमारी को शामिल किया गया है। डिफेंडर में सुगन सांगा, नीलम टोपनो, रुबीना बक्सला, किरण एक्का और सुलोचनी जगह बनाने में सफल रहीं। मिडफील्ड में श्रुति कुमारी, दीया, स्नेहा डावड़े, रश्मीन कौर, नाम्मी गीताश्री और पुष्पा मांझी शामिल हैं। वहीं फॉरवर्ड लाइन में नौशीन नाज, कप्तान स्वीटी कुजूर, प्रियंका मिंज, संदीपा कुमारी और नैन्सी सरोहा को मौका मिला है।
भारत का मैच कार्यक्रम (भारतीय समयानुसार)
- 30 मई: भारत बनाम मलेशिया – सुबह 5:30 बजे
- 31 मई: भारत बनाम कोरिया – सुबह 5:30 बजे
- 2 जून: भारत बनाम सिंगापुर – सुबह 9:30 बजे
पूल
पूल-ए: भारत, कोरिया, मलेशिया, सिंगापुर
पूल-बी: चीन, जापान, चीनी ताइपे, बांग्लादेश


