Hockey: भारतीय महिला हॉकी टीम को एफआईएच प्रो लीग मैच में नीदरलैंड से मिली हार

0

भुवनेश्वर: भारतीय महिला हॉकी टीम को एफआईएच प्रो लीग मैच में मौजूदा ओलंपिक चैंपियन नीदरलैंड से 2-4 से हार का सामना करना पड़ा। भारतीय टीम को गोल करने के बेहतर मौके मिले जिसमें उसे 13 पेनल्टी कॉर्नर, जबकि नीदरलैंड को सिर्फ तीन पेनल्टी कॉर्नर मिले। लेकिन भारत मौकों का फायदा नहीं उठा सका।

नीदरलैंड के लिए एम्मा रीजन (सातवें मिनट), फेलिस एल्बर्स (34वें, 47वें मिनट) और फे वैन डेर एल्स्ट (40वें मिनट) ने गोल दागकर जीत हासिल की। भारत के लिए दोनों गोल उदिता (18वें और 42वें मिनट) द्वारा पेनल्टी कॉर्नर पर किए गए। यह भारत की अनुभवी गोलकीपर और पूर्व कप्तान सविता पूनिया का 300वां अंतरराष्ट्रीय मैच था। रीजन ने सातवें ही मिनट में रिवर्स हिट से उन्हें पछाड़ते हुए गोल कर दिया। भारतीय टीम ने जल्द ही लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए, पर दोनों ही बेकार गए।

भारतीयों ने दूसरे क्वार्टर में भी तेजी बनाए रखी और दो और पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए जिनमें से दूसरे को उदिता ने गोल में बदला। नीदरलैंड ने 25वें मिनट में एक पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया, लेकिन भारत ने मजबूती से बचाव किया। लेकिन छोर बदलने के चार मिनट बाद एल्बर्स ने ढीली गेंद पर कुछ भारतीय डिफेंडरों को चकमा देते हुए दूसरी भारतीय गोलकीपर बीचू देवी खारीबाम को पीछे छोड़ते हुए एक बेहतरीन रिवर्स हिट के साथ गोल करके नीदरलैंड को 2-1 की बढ़त दिला दी।

इसके बाद वैन डेर एल्स्ट ने मैदानी गोल से नीदरलैंड की बढ़त मजबूत की। उदिता ने 42वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर अंतर को कम किया। एल्बर्स ने 47वें मिनट में एक और बेहतरीन मैदानी गोल करके नीदरलैंड की जीत सुनिश्चित कर दी जो उनका दिन का दूसरा गोल था। भारत मंगलवार को रिटर्न लेग मैच में फिर से नीदरलैंड से खेलेगा और उसकी कोशिश जीत दर्ज करने की होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here