Hockey: सविता और हरमनप्रीत ने जीता सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का अवॉर्ड, इन्हें भी किया गया सम्मानित

0

नई दिल्ली: पेरिस ओलंपिक कांस्य पदक विजेता भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह को हॉकी इंडिया सातवें सालाना पुरस्कार में वर्ष 2024 के सर्वश्रेष्ठ पुरूष खिलाड़ी और दिग्गज गोलकीपर सविता पूनिया को सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी का बलबीर सिंह सीनियर पुरस्कार मिला। वहीं, 1975 में आज ही के दिन कुआलालम्पुर में भारत को एकमात्र विश्व कप जिताने वाली अजितपाल सिंह की कप्तानी वाली भारतीय टीम को ध्यानचंद लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

पिछले साल पेरिस ओलंपिक में 10 गोल करके भारत को लगातार दूसरा ओलंपिक कांस्य पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह ने कहा, ‘पुरस्कार काफी मायने रखते हैं और युवाओं को इससे प्रेरणा मिलती है। मैं उन्हें इतना ही कहूंगा कि नतीजे का दबाव लिये बिना कड़ी मेहनत करते रहें।’

वहीं, तीसरी बार पुरस्कार जीतने वाली पूर्व कप्तान सविता ने वीडियो संदेश में कहा, ‘इस पुरस्कार से मुझे आगे और मेहनत करने की प्रेरणा मिलेगी। यह मेरे साथी खिलाड़ियों को समर्पित है।’ वर्ष के सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का बलजीत सिंह पुरस्कार भी सविता को मिला।

सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर का परगट सिंह पुरस्कार अमित रोहिदास ने जीता जबकि सर्वश्रेष्ठ मिडफील्डर का अजितपाल सिंह पुरस्कार हार्दिक सिंह को मिला। सर्वश्रेष्ठ फॉरवर्ड का धनराज पिल्लै पुरस्कार अभिषेक को दिया गया। वर्ष 2024 की सर्वश्रेष्ठ अंडर 21 महिला खिलाड़ी का असुंथा लाकड़ा पुरस्कार ड्रैग फ्लिकर दीपिका को मिला जबकि पुरूष वर्ग में जुगराज सिंह पुरस्कार अराइजीत सिंह हुंडल ने जीता।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here