31.6 C
New Delhi
Saturday, March 14, 2026

ICC इवेंट में भारत के 6 खिलाड़ी बने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट, विराट कोहली ने 3 बार जीता अवॉर्ड

नई दिल्ली : भारतीय मेंस क्रिकेट टीम ने पिछले दो साल में तीन आईसीसी खिताब अपने नाम किए हैं। 2023 वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में हार के बाद से भारत ने कोई भी आईसीसी टूर्नामेंट नहीं गंवाया है। इस दौरान भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन भी शानदार रहा है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में संजू सैमसन ने शानदार खेल दिखाया और उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। वह आईसीसी मेंस इवेंट में यह अवॉर्ड जीतने वाले छठे भारतीय खिलाड़ी बने।

संजू से पहले पांच भारतीय खिलाड़ी अलग-अलग आईसीसी टूर्नामेंट में यह सम्मान हासिल कर चुके हैं। इनमें विराट कोहली सबसे आगे हैं, जिन्होंने तीन बार प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवॉर्ड जीता है। किसी भारतीय खिलाड़ी को पहली बार यह सम्मान 2003 में मिला था। यानी पिछले 23 साल में कुल छह भारतीय खिलाड़ी आईसीसी इवेंट में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनने का गौरव हासिल कर चुके हैं, जिसमें विराट कोहली तीन बार यह अवॉर्ड जीतकर शीर्ष पर हैं।

ICC इवेंट में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनने वाले सभी भारतीय
सचिन तेंदुलकर: साल 2003 (वनडे वर्ल्ड कप)

क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर को इस टूर्नामेंट में गोल्डन बैट मिला था। शानदार बल्लेबाजी के दम पर उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। हालांकि इस वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत को ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा, लेकिन सचिन की बल्लेबाजी ने पूरे टूर्नामेंट में सभी का दिल जीत लिया था। उन्होंने इस विश्व कप में कुल 673 रन बनाए थे।

युवराज सिंह: साल 2011 (वनडे वर्ल्ड कप)

भारतीय टीम ने 1983 के बाद 2011 में वनडे विश्व कप जीता था। इस टूर्नामेंट में युवराज सिंह को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया था। युवराज सिंह ने कैंसर से जूझते हुए इस टूर्नामेंट में टीम इंडिया की जीत में अहम योगदान निभाया था। उन्होंने इस टूर्नामेंट में बल्ले से जहां 362 रन बनाए थे। वहीं गेंद से कमाल करते हुए युवी ने 15 विकेट भी लिए थे।

विराट कोहली: 2014 टी20 वर्ल्ड कप, 2016 टी20 वर्ल्ड कप और 2023 वनडे वर्ल्ड कप

विराट कोहली इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर जरूर हैं लेकिन अव्वल खिलाड़ी वही हैं। उन्होंने भारत के लिए सबसे ज्यादा तीन बार प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवॉर्ड जीता है। विराट कोहली ने 2014 टी20 वर्ल्ड कप (319 रन), 2016 टी20 वर्ल्ड कप (273 रन) और 2023 वनडे वर्ल्ड कप (765 रन) में यह पुरस्कार जीता था।

शिखर धवन: साल 2013 (चैंपियंस ट्रॉफी)

शिखर धवन ने साल 2013 चैंपियंस ट्रॉफी में भारत के लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवॉर्ड जीता था। उन्होंने भारत को चैंपियन बनाने में अहम योगदान निभाया था। उस टूर्नामेंट के बाद ही उनकी और रोहित शर्मा की जोड़ी ने सुर्खियां बटोरना शुरू की थीं। धवन के बल्ले से 2013 चैंपियंस ट्रॉफी में 363 रन निकले थे।

जसप्रीत बुमराह: साल 2024 (टी20 वर्ल्ड कप)

जसप्रीत बुमराह लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ी बने। साल 2024 में उन्होंने 15 विकेट झटके थे और भारत को चैंपियन बनाने में अहम योगदान निभाया था। उस वर्ल्ड कप में भारत की जीत के बाद बुमराह को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया था। बुमराह ने 2026 टी20 वर्ल्ड कप में भी वरुण चक्रवर्ती के साथ संयुक्त रूप से सर्वाधिक 14 विकेट लिए और फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच बने।

संजू सैमसन: साल 2026 (टी20 वर्ल्ड कप)

संजू सैमसन की कहानी इस समय हर किसी की जुबां पर है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में उन्होंने जो प्रदर्शन किया, वह बेहद खास रहा। टूर्नामेंट की शुरुआत में वह टीम से बाहर थे और फॉर्म से भी जूझ रहे थे। लेकिन बीच टूर्नामेंट में प्लेइंग इलेवन में वापसी करने के बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। वर्चुअल क्वार्टरफाइनल में 97, सेमीफाइनल में 89 और फाइनल में 89 रन की शानदार पारियां खेलते हुए सैमसन ने कुल 5 पारियों में 321 रन बनाए। भारत की खिताबी जीत में जसप्रीत बुमराह के साथ संजू सैमसन का भी बेहद अहम योगदान रहा। इसी शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

15,780FansLike
2,290FollowersFollow
5,445SubscribersSubscribe

Latest Articles