वनडे और टी20 विश्व कप नए फॉर्मेट में होंगे, ICC ने सुपर-7 और सुपर-10 प्रणाली को दी मंजूरी

0

2027 वनडे विश्व कप और 2028 टी20 विश्व कप में बदलेगा टूर्नामेंट का ढांचा, क्वालिफिकेशन सिस्टम में भी बड़े बदलाव

एडिनबर्ग। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने 2027 वनडे विश्व कप और 2028 टी20 विश्व कप के लिए नए टूर्नामेंट फॉर्मेट और क्वालिफिकेशन सिस्टम को मंजूरी दे दी है। एडिनबर्ग में आयोजित ICC की वार्षिक आम बैठक (AGM) में लिए गए इस फैसले के तहत वनडे विश्व कप में पहली बार सुपर-7 और टी20 विश्व कप में सुपर-10 चरण लागू किया जाएगा। साथ ही 2028 टी20 विश्व कप के लिए नया क्वालिफिकेशन ढांचा भी तैयार किया गया है।

वनडे विश्व कप में होगा तीन चरणों का फॉर्मेट

2027 वनडे विश्व कप में कुल 14 टीमें हिस्सा लेंगी, लेकिन टूर्नामेंट का प्रारूप पूरी तरह बदला जाएगा। प्रतियोगिता तीन चरणों में आयोजित होगी। पहले चरण में रैंकिंग की 12वीं, 13वीं और 14वीं टीम के बीच राउंड-रॉबिन मुकाबले होंगे। इनमें से केवल एक टीम अगले दौर में पहुंचेगी। दूसरे चरण में कुल 12 टीमें होंगी, जिन्हें छह-छह टीमों के दो ग्रुप में बांटा जाएगा। दोनों ग्रुप में कुल 30 मुकाबले खेले जाएंगे। प्रत्येक ग्रुप की शीर्ष तीन टीमें और चौथे स्थान पर रहने वाली दोनों टीमों में बेहतर प्रदर्शन करने वाली एक टीम सुपर-7 चरण में पहुंचेगी। सुपर-7 चरण में सातों टीमें एक-दूसरे के खिलाफ राउंड-रॉबिन मुकाबले खेलेंगी। इसके बाद शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी। पहले स्थान की टीम चौथे स्थान की टीम से और दूसरे स्थान की टीम तीसरे स्थान की टीम से भिड़ेगी। विजेता टीमें फाइनल खेलेंगी।

क्वालिफिकेशन सिस्टम में भी बदलाव

2027 विश्व कप में दो मेजबान देशों दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे को सीधी एंट्री मिलेगी। तीसरे मेजबान नामीबिया को क्वालिफायर खेलना होगा। इसके अलावा आईसीसी रैंकिंग के आधार पर शीर्ष आठ टीमें सीधे टूर्नामेंट में पहुंचेंगी, जबकि शेष स्थान विश्व कप क्वालिफायर के जरिए तय होंगे।

टी20 विश्व कप में सुपर-8 की जगह सुपर-10

2028 टी20 विश्व कप का प्रारूप भी पूरी तरह बदला जाएगा। पहले चरण में चार-चार टीमों के पांच ग्रुप बनाए जाएंगे, जिनमें कुल 30 मैच होंगे। प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीमें अगले दौर में पहुंचेंगी।  दूसरे चरण यानी सुपर-10 में 10 टीमों को पांच-पांच टीमों के दो ग्रुप में बांटा जाएगा। यहां कुल 20 मुकाबले खेले जाएंगे। दोनों ग्रुप की शीर्ष टीम सीधे सेमीफाइनल में पहुंचेगी। बाकी दो सेमीफाइनल स्थान एलिमिनेटर मुकाबलों से तय होंगे। एक ग्रुप की दूसरे स्थान की टीम दूसरे ग्रुप की तीसरे स्थान की टीम से खेलेगी, जबकि दूसरे ग्रुप की उपविजेता पहली ग्रुप की तीसरे स्थान की टीम से भिड़ेगी। दोनों एलिमिनेटर के विजेता सेमीफाइनल में पहुंचेंगे।

2028 टी20 विश्व कप के लिए नया क्वालिफिकेशन मॉडल

ICC ने 2028 टी20 विश्व कप के लिए भी नया क्वालिफिकेशन सिस्टम लागू किया है। स्कॉटलैंड को सीधे यूरोप रीजनल फाइनल में जगह मिलेगी। 2026 टी20 विश्व कप में हिस्सा लेने वाली लेकिन सीधे क्वालिफाई नहीं कर पाने वाली टीमें ग्लोबल क्वालिफायर में खेलेंगी। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रीय क्वालिफायर से आठ टीमें आएंगी। प्रत्येक क्षेत्र की शीर्ष टीम के साथ ओवरऑल रैंकिंग के आधार पर अगली तीन सर्वश्रेष्ठ टीमें विश्व कप के लिए क्वालिफाई करेंगी।

मुकाबले होंगे और अधिक प्रतिस्पर्धी

ICC का मानना है कि नए प्रारूप से प्रत्येक मुकाबले का महत्व बढ़ेगा और नॉकआउट चरण तक पहुंचने की दौड़ अधिक रोमांचक बनेगी। सुपर-7 और सुपर-10 चरणों के साथ टीमों को अधिक प्रतिस्पर्धी मुकाबले खेलने का अवसर मिलेगा, जबकि नए क्वालिफिकेशन सिस्टम से उभरती क्रिकेट टीमों के लिए भी विश्व कप तक पहुंचने का स्पष्ट रास्ता तैयार होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here