ICC Champions Trophy 2025: हार्दिक पांड्या के पास एक बड़ा कीर्तिमान रचने का मौका, सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज

0

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में उतरने के लिए तैयार हैं। चैंपियंस ट्रॉफी का 19 फरवरी से कराची में आगाज होगा। भारतीय टीम 20 फरवरी को दुबई में बांग्लादेश के खिलाफ अपने अभियान का आगाज करने उतरेगी। बांग्लादेश से भिड़ने के बाद टीम इंडिया का पाकिस्तान से महामुकाबला होगा जो 23 फरवरी को दुबई में खेला जाएगा। इसके बाद 2 मार्च को टीम इंडिया न्यूजीलैंड के खिलाफ अपनी चुनौती पेश करेगी।

ग्रुप स्टेज के इन तीनों ही मैचों में टीम की कोशिश जीत दर्ज करने की होगी ताकि बिना किसी परेशानी के सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया जा सके। वैसे तो चैंपियंस ट्रॉफी के लिए टीम इंडिया में एक से बढ़कर एक खिलाड़ी हैं लेकिन ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या पर थोड़ा अतिरिक्त भार होगा। हार्दिक पांड्या बल्ले और गेंद दोनों से कमाल करने में माहिर हैं। लिहाजा टीम और फैंस को उनसे कुछ ज्यादा ही उम्मीदें होंगी। इस दौरान हार्दिक पांड्या के पास एक बड़ा कीर्तिमान रचने का भी मौका होगा।

दरअसल, हार्दिक पांड्या चैंपियंस ट्रॉफी में पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। इस कीर्तिमान को ध्वस्त करने से हार्दिक पांड्या सिर्फ 8 छक्के दूर हैं। आपको बता दें कि चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का रिकॉर्ड सौरव गांगुली के नाम है। गांगुली ने इस टूर्नामेंट में 17 छक्के जड़े हैं। दूसरी तरफ, हार्दिक चैंपियंस ट्रॉफी में 10 छक्के अब तक लगा चुके हैं। दादा का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए उन्हें सिर्फ 8 छक्कों की दरकार है।

चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज

सौरव गांगुली- 17
क्रिस गेल- 15
इयोन मोर्गन- 14
शेन वॉटसन- 12
पॉल कालिंगवुड- 11
हार्दिक पांड्या- 10

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में टीम इंडिया का शेड्यूल

20 फरवरी: भारत बनाम बांग्लादेश (भारतीय समयानुसार 2:30 PM)
23 फरवरी: भारत बनाम पाकिस्तान (भारतीय समयानुसार 2:30 PM)
2 मार्च: भारत बनाम न्यूजीलैंड (भारतीय समयानुसार 2:30 PM)

ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए भारत की अपडेटेड टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल (उप-कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेट कीपर), ऋषभ पंत (विकेट कीपर), हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह, रवींद्र जडेजा, वरुण चक्रवर्ती।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here