नई दिल्ली : भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल चाहते हैं कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में गेंद को चमकाने के लिए लार के इस्तेमाल की अनुमति फिर से बहाल की जाए, लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) फिलहाल इस प्रतिबंध को हटाने के पक्ष में नहीं है। कोविड-19 महामारी के दौरान खिलाड़ियों और मैच अधिकारियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए गेंद पर लार लगाने पर रोक लगाई गई थी। गिल की मांग के बावजूद आईसीसी ने इस नियम में बदलाव करने से इनकार कर दिया है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आईसीसी ने अब साफ कर दिया है कि फिलहाल इस नियम में बदलाव की कोई योजना नहीं है। न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में गेंद के जल्दी नरम पड़ने की समस्या के बाद शुभमन गिल ने यह मांग उठाई थी। हालांकि, इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में 2025 से ही खिलाड़ियों को गेंद पर लार लगाने की छूट मिल चुकी है। वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में बल्लेबाजी के लिए अनुकूल पिच पर खेले गए पहले टेस्ट मैच के ड्रॉ होने के बाद शुभमन गिल ने कूकाबुरा गेंद के बहुत जल्दी नरम हो जाने के संदर्भ में कहा था कि खिलाड़ियों को गेंद को चमकाने के लिए लार का उपयोग करने की अनुमति देने से बल्लेबाजों के लिए अनुकूल परिस्थितियों में गेंदबाजों को मदद मिल सकती है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार विश्व क्रिकेट की सर्वोच्च संस्था का रवैया अभी पहले जैसा ही है। कोविड-19 महामारी के बाद खिलाड़ियों और मैच अधिकारियों के स्वास्थ्य को देखते हुए पहली बार 2020 में गेंद पर लार के लगाना प्रतिबंधित कर दिया गया था। इसके कुछ वर्षों बाद आईसीसी के खेल की परिस्थितियों से जुड़े नियमों में इसे स्थायी नियम बना दिया गया था। यह मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब (एमसीसी) के क्रिकेट नियमों के अनुरूप था।
लार के इस्तेमाल पर प्रतिबंध जारी रखने के पक्ष में आईसीसी
मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब के नियमों के अनुसार गेंद की स्थिति को बदलने के लार का उपयोग करने को भी किसी भी अन्य अनुचित तरीके की तरह माना जाता है। खिलाड़ी मैदान पर मीठे पदार्थों, च्युइंग गम और मिंट जैसी चीजों का उपयोग करते हैं। ऐसे में लार लगाने पर गेंद की स्थिति काफी हद तक बदल सकती है। इसके अलावा इसके इस्तेमाल की निगरानी करना और इसे नियंत्रित करना भी बहुत मुश्किल है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आईसीसी का यह भी मानना है कि लार से खिलाड़ियों और मैच अधिकारियों के स्वास्थ्य को खतरा बना रहता है। यूरोपीय रोग निवारण एवं नियंत्रण केंद्र के अनुसार हाल ही में सार्स कोविड-2 के नए स्वरूप (वैरीएंट) के सामने आने से दुनिया भर में स्वास्थ्य संबंधी जोखिम बना हुआ है। यह भी जानकारी मिली है कि इस महीने की शुरुआत में बाली में हुई आईसीसी की बैठकों में लार पर प्रतिबंध के मुद्दे पर चर्चा नहीं हुई थी।
शुभमन गिल की मांग पर अब आईसीसी बोर्ड लेगा अंतिम फैसला
इसके अलावा अगर भविष्य में खेल की शर्तों (प्लेइंग कंडीशन) में किसी भी तरह का संशोधन करने के लिए किसी सदस्य को आईसीसी समिति के जरिये प्रस्ताव रखना होगा, जिस पर आईसीसी बोर्ड का फैसला अंतिम होगा। बता दें कि वेलिंगटन में खेले गए भारत पहले टेस्ट के पांचवें दिन न्यूजीलैंड को आउट करने में नाकाम रहा और विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के महत्वपूर्ण अंक हासिल करने से चूक गया था। इसके बाद शुभमन गिल ने लार के उपयोग पर लगाए गए प्रतिबंध को हटाने का आग्रह किया था।
लार पर प्रतिबंध जारी रखने के फैसले से हैरान शुभमन गिल
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शुभमन गिल ने कहा था, ‘‘यह मेरी समझ से परे है कि अब तक गेंद को चमकाने के लिए लार का उपयोग करने की अनुमति क्यों नहीं दी गई। कोविड का दौर तो कब का बीत चुका है। एक नियम बनाया गया था कि गेंद को चमकाने के लिए उस पर लार नहीं लगाई जा सकती। सात-आठ साल बीत गए हैं और मुझे अब भी समझ नहीं आता कि वे इसकी अनुमति क्यों नहीं दे रहे हैं।’’ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) ने 2025 में ही लार पर लगाए गए प्रतिबंध को हटा दिया था। हालांकि, आईपीएल एक घरेलू क्रिकेट टूर्नामेंट है।


