ईरान-इजरायल युद्ध के चलते आईसीसी बैठक स्थगित, नए मेजबान की खोज शुरू

0

नई दिल्ली : इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने ईरान-इजरायल युद्ध के चलते 25 से 27 मार्च के बीच कतर के दोहा में होने वाली अपनी बैठक को स्थगित कर दिया है। अब उम्मीद जताई जा रही है कि यह मीटिंग अप्रैल में आयोजित की जा सकती है, हालांकि नई तारीखों का अभी तक आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है। पश्चिम एशिया में जारी तनाव और युद्ध की स्थिति को देखते हुए बैठक टालना लगभग तय माना जा रहा था। अहमदाबाद में टी20 वर्ल्ड कप फाइनल से एक दिन पहले शनिवार (7 मार्च) को आईसीसी के सदस्यों को इस संबंध में एक औपचारिक संदेश भी भेजा गया।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आईसीसी बैठक के लिए एशिया में ही दूसरी जगह ढूंढ रहा है। आईसीसी की इस बैठक में अभी और भविष्य से जुड़े जरूरी मामलों पर चर्चा होनी थी। आईसीसी ने 22 फरवरी को एक रिलीज में कहा था कि दोहा में मीटिंग करने का फैसला कतर में क्रिकेट और देश के बड़े स्पोर्टिंग इकोसिस्टम के साथ आईसीसी के बढ़ते जुड़ाव की वजह से किया गया।

इस बीच भारत-न्यूजीलैंड टी20 वर्ल्ड कप फाइनल के दौरान आईसीसी के कई पदाधिकारियों के अहमदाबाद में मौजूद रहने की उम्मीद है। अहमदाबाद आईसीसी के चेयरमैन जय शाह का गृहनगर भी है। वहीं न्यूजीलैंड क्रिकेट (NZC) के अध्यक्ष रोजर ट्वोस के रविवार रात नरेंद्र मोदी स्टेडियम में फाइनल मुकाबला देखने पहुंचने की संभावना है।

जिम्बाब्वे क्रिकेट (ZC) के अध्यक्ष तवेंग्वा मुकुहलानी और क्रिकेट साउथ अफ्रीका (CSA) के चेयरमैन डॉ. मोहम्मद मूसाजी के भी अन्य बोर्ड प्रतिनिधियों के साथ मौजूद रहने की उम्मीद है। हालांकि, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम के शामिल होने की कोई जानकारी नहीं है और माना जा रहा है कि वह इस समय मेलबर्न में हैं। वहीं पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी के भी यहां मौजूद रहने की संभावना नहीं है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here