ICC Rankings: तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में बादशाहत कायम

0

दुबई: भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में बादशाहत कायम है और उन्होंने करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग अंक हासिल कर ली है। बुमराह बुधवार को आईसीसी की जारी ताजा रैंकिंग में गेंदबाजों में शीर्ष पर बरकरार हैं और उनका रेटिंग अंक 908 है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांचवें और अंतिम टेस्ट से पहले सर्वोच्च रेटिंग अंक हासिल करने वाले भारतीय गेंदबाज बने बुमराह सिडनी में खेले गए बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के अंतिम मैच में दो विकेट लेने के कारण एक अंक का सुधार करने में सफल रहे।

बुमराह पीठ में दिक्कत के कारण सिडनी टेस्ट की दूसरी पारी में गेंदबाजी करने नहीं उतरे थे। दूसरी ओर, गेंदबाजों की रैंकिंग में स्पिनर रवींद्र जडेजा संयुक्त रूप से नौवें स्थान पर आ गए हैं और वह बुमराह के अलावा शीर्ष-10 में जगह बनाने वाले दूसरे गेंदबाज हैं। जडेजा के साथ नौवें स्थान पर ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज स्कॉट बोलैंड हैं जिन्होंने 29 स्थान की छलांग लगाई और शीर्ष-10 में पहुंच गए।

बोलैंड ने सिडनी टेस्ट में शानदार प्रदर्शन किया था और दोनों पारी मिलाकर कुल 10 विकेट झटके थे। बोलैंड ने पहली पारी में 31 रन देकर चार विकेट और दूसरी पारी में 45 रन देकर छह विकेट लिए थे। बोलैंड के प्रदर्शन के दम पर ही ऑस्ट्रेलिया तीसरा टेस्ट जीतकर 10 साल बाद बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी अपने नाम करने में सफल रहा था। ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस को भी रैंकिंग में फायदा हुआ है और वह अंतिम टेस्ट में पांच विकेट लेने के दम पर दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। दक्षिण अफ्रीका के कैगिसो रबादा एक पायदान के लाभ से तीसरे स्थान पर पहुंचे, जबकि चोटिल जोश हेजलवुड दो पायदान के नुकसान से चौथे स्थान पर खिसक गए।

ऋषभ पंत के दूसरी पारी में 33 गेंद में बनाए गए 61 रन से वह बल्लेबाजी रैंकिंग में तीन पायदान की छलांग लगाने में सफल रहे और नौवें नंबर पर पहुंच गए, जबकि भारतीय सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने अपना चौथा स्थान कायम रखा। दक्षिण अफ्रीका के कप्तान तेम्बा बावुमा पहली पारी में अहम शतक से तीन पायदान की छलांग लगाकर छठे नंबर पर पहुंच गए, उन्होंने करियर की सर्वश्रेष्ठ 769 रेटिंग भी हासिल की। वहीं, काइल वेरेने शानदार शतक से चार पायदान के फायदे से 25वें स्थान पर पहुंच गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here