नई दिल्ली/अहमदाबाद। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने महिला चैंपियंस ट्रॉफी 2027 के कार्यक्रम में बड़ा बदलाव करते हुए टूर्नामेंट को जून-जुलाई के बजाय फरवरी 2027 में आयोजित करने का फैसला किया है। अहमदाबाद में आयोजित ICC बोर्ड बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। यह टूर्नामेंट 14 से 28 फरवरी 2027 के बीच श्रीलंका में टी20 प्रारूप में खेला जाएगा।
आठ टीमों की इस प्रतियोगिता की घोषणा पहली बार वर्ष 2022 में की गई थी। हालांकि ICC ने कार्यक्रम में बदलाव के कारणों का खुलासा नहीं किया है, लेकिन नए कार्यक्रम के अनुसार टूर्नामेंट का समय न्यूजीलैंड के ऑस्ट्रेलिया दौरे से टकरा सकता है। बताया गया है कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को इस बदलाव की जानकारी दे दी गई है और वह वैकल्पिक कार्यक्रम पर विचार कर रहा है।
ICC ने महिला क्रिकेट के विकास को बढ़ावा देने के लिए विमेंस एमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी के नए संस्करण की भी घोषणा की है। इस प्रतियोगिता में 10 टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें पांच पूर्ण सदस्य देश और पांच एसोसिएट सदस्य शामिल होंगे। इन टीमों का चयन रैंकिंग के आधार पर किया जाएगा। पिछले संस्करण में आठ टीमों ने भाग लिया था और खिताब थाईलैंड ने जीता था।
बैठक में 2028 महिला टी20 विश्व कप के क्वालीफिकेशन ढांचे को भी मंजूरी दी गई। पाकिस्तान की मेजबानी में होने वाले इस टूर्नामेंट में भारत के मुकाबले हाइब्रिड मॉडल के तहत तटस्थ स्थानों पर खेले जाएंगे। कुल 12 टीमों में से 10 टीमें सीधे क्वालीफाई करेंगी, जबकि शेष दो स्थान क्वालीफायर प्रतियोगिताओं के माध्यम से तय होंगे।
ICC ने प्रशासनिक और गवर्नेंस संबंधी गंभीर उल्लंघनों के चलते क्रिकेट कनाडा की सदस्यता भी निलंबित कर दी है। हालांकि बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इस फैसले का असर कनाडा की राष्ट्रीय टीमों और खिलाड़ियों की ICC प्रतियोगिताओं में भागीदारी पर नहीं पड़ेगा। खिलाड़ियों के हितों की रक्षा के लिए नियंत्रित फंडिंग व्यवस्था जारी रहेगी।
इसके अलावा ICC बांग्लादेश और श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड से जुड़े प्रशासनिक मामलों पर भी नजर बनाए हुए है। दोनों देशों में हालिया नेतृत्व परिवर्तन और सरकारी हस्तक्षेप की आशंकाओं को लेकर ICC अधिकारियों द्वारा स्थिति की समीक्षा की जा रही है।


