ICC T20 Ranking: सूर्यकुमार यादव टॉप 5 रैंकिंग से बाहर, अभिषेक और तिलक वर्मा का जलवा कायम

0

नई दिल्ली: भारतीय टी20 क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव आईसीसी पुरुष टी20आई बैटिंग रैंकिंग में टॉप 5 से बाहर हो गए जबकि इंग्लैंड के स्पिनर आदिल राशिद वेस्टइंडीज के खिलाफ हाल ही में खत्म हुई तीन मैचों की टी20 सीरीज में अपने शानदार प्रदर्शन की वजह से गेंदबाजों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर आ गए। गेंदबाजी रैंकिंग में न्यूजीलैंड के जैकब डफी अभी पहले स्थान पर मौजूद हैं।

छठे नंबर पर खिसके सूर्यकुमार

बल्लेबाजी रैंकिंग की बात करें तो सूर्यकुमार यादव एक स्थान नीचे गिरकर छठे नंबर पर आ गए और इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जोस बटलर ने उन्हें पीछे छोड़ दिया। बटलर के अब 772 रेटिंग अंक हैं जबकि सूर्यकुमार यादव के 739 अंक हैं। भारत के बल्लेबाज तिलक वर्मा को एक स्थान का फायदा हुआ और वो टॉप तीन में तीसरे नंबर पर आ गए। तिलक वर्मा के अब 804 रेटिंग अंक हैं जबकि फिल साल्ट चौथे स्थान पर आ गए और उनके अभी 791 अंक हैं।

दूसरे नंबर पर हैं अभिषेक शर्मा

बल्लेबाजों की रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड पहले स्थान पर बने हुए हैं जिनके अभी 856 अंक हैं जबकि अभिषेक शर्मा दूसरे स्थान पर हैं जिनके 829 रेटिंग अंक हैं। इस रैंकिंग में टॉप 6 बल्लेबाजों में तीन भारतीय मौजूद हैं। ऑलराउंडरों की रैंकिंग में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है। भारत के हार्दिक पंड्या 252 रेटिंग अंकों के साथ शीर्ष पर बने हुए हैं, जबकि इंग्लैंड के लियाम लिविंगस्टोन तीन पायदान नीचे यानी छठे स्थान पर खिसक गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here