रायपुर: वेस्टइंडीज मास्टर्स ने रोमांचक मुकाबले में श्रीलंका मास्टर्स को 6 रन से हराकर इंटरनेशनल मास्टर्स लीग (IML) 2025 के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। इस जीत के साथ ही वेस्टइंडीज मास्टर्स अब रविवार को सचिन तेंदुलकर की कप्तानी वाली इंडिया मास्टर्स टीम से खिताबी भिड़ंत करेगा। मुकाबला रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा।
पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज मास्टर्स ने डेनिश रामदीन की नाबाद तेज़तर्रार अर्धशतकीय पारी (50 रन) और ब्रायन लारा के शानदार 41 रनों की बदौलत 179/5 का मजबूत स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में श्रीलंका मास्टर्स की टीम असेला गुणरत्ने की शानदार 66 रन की पारी के बावजूद 173/9 रन ही बना सकी। वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज़ टीनो बेस्ट ने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए 4 विकेट झटके और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
शुरुआत में वेस्टइंडीज मास्टर्स को बड़ा झटका लगा जब फॉर्म में चल रहे ड्वेन स्मिथ सस्ते में आउट हो गए। इसके बाद विलियम पर्किंस (24 रन) और लेंडल सिमंस (17 रन) ने पारी को संभालते हुए 43 रन की साझेदारी की। हालांकि, श्रीलंका ने जल्दी-जल्दी विकेट निकालकर दबाव बना दिया और कैरेबियाई टीम 48/3 पर संघर्ष करती नजर आई।
तभी मैदान पर उतरे दिग्गज ब्रायन लारा, जिन्होंने अपने क्लासिक अंदाज़ में बल्लेबाज़ी करते हुए 41 रन बनाए और चाडविक वॉल्टन (31 रन) के साथ मिलकर 60 रन की अहम साझेदारी की। लारा के आउट होने के बाद डेनिश रामदीन ने मोर्चा संभाला और 22 गेंदों में नाबाद 50 रन ठोकते हुए टीम को 179/5 तक पहुंचाया।
श्रीलंका मास्टर्स की शुरुआत खराब रही। कप्तान कुमार संगकारा (17 रन) जल्दी आउट हो गए। इसके बाद टीनो बेस्ट ने अपनी रफ्तार से कहर बरपाया और उपुल थरंगा व लाहिरु तिरिमाने को पवेलियन भेजते हुए श्रीलंका को संकट में डाल दिया। असेला गुणरत्ने ने जरूर संघर्ष करते हुए 42 गेंदों में 66 रन बनाए, लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे।
आखिरी ओवर में श्रीलंका को जीत के लिए 15 रन चाहिए थे। गुणरत्ने ने लेंडल सिमंस की पहली गेंद पर छक्का लगाकर उम्मीद जगाई, लेकिन आखिरी गेंद पर आउट हो गए और वेस्टइंडीज मास्टर्स ने मुकाबला 6 रन से जीत लिया।
रविवार को इंडिया मास्टर्स और वेस्टइंडीज मास्टर्स के बीच IML 2025 का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। यह महामुकाबला दर्शकों के लिए बेहद रोमांचक होने वाला है। लाइव टेलीकास्ट कलर्स सिनेप्लेक्स (HD और SD), कलर्स सिनेप्लेक्स सुपरहिट्स और जियोहॉटस्टार पर किया जाएगा।
संक्षिप्त स्कोर:
वेस्टइंडीज मास्टर्स: 179/5 (डेनिश रामदीन 50* रन, ब्रायन लारा 41 रन, चाडविक वॉल्टन 31 रन; असेला गुणरत्ने 1/14, जीवन मेंडिस 1/26)
श्रीलंका मास्टर्स: 173/9 (असेला गुणरत्ने 66 रन, उपुल थरंगा 30 रन; टीनो बेस्ट 4/27, ड्वेन स्मिथ 2/37)
परिणाम: वेस्टइंडीज मास्टर्स ने श्रीलंका मास्टर्स को 6 रन से हराया।
(दीपक शर्मा – विशेष संवाददाता)


