गांधीनगर (गुजरात)। खेलो इंडिया अस्मिता फेंसिंग जोनल लीग–वेस्ट जोन (2026-27) में छत्तीसगढ़ की बालिका खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का गौरव बढ़ाया। गुजरात के गांधीनगर में 23 से 26 अक्टूबर 2026 तक आयोजित प्रतियोगिता के दूसरे दिन जूनियर आयु वर्ग में छत्तीसगढ़ की खिलाड़ियों ने एक स्वर्ण और दो रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
एपी स्पर्धा में रीबा बेनी को स्वर्ण, रुपाली साहू को रजत
जूनियर बालिका एपी स्पर्धा में रायपुर की रीबा बेनी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं, बिलासपुर की रुपाली साहू ने शानदार खेल दिखाते हुए रजत पदक अपने नाम किया। दोनों खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और खेल कौशल से छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया।
सेबर स्पर्धा में नीतू यादव ने जीता रजत
जूनियर बालिका सेबर स्पर्धा में रायपुर की नीतू यादव ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से छत्तीसगढ़ की पदक तालिका में एक और सफलता जुड़ गई।
खिलाड़ियों को मिली बधाई एवं शुभकामनाएं
इस उपलब्धि पर कोच वी. जॉनसन सोलोमन एवं मैनेजर मोना पटेल ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।
छत्तीसगढ़ प्रदेश फेंसिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष एवं समस्त सदस्यों ने तीनों खिलाड़ियों को पदक जीतने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। एसोसिएशन ने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी भविष्य में भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।
छत्तीसगढ़ की इन बेटियों की सफलता प्रदेश में फेंसिंग खेल के विकास और महिला खिलाड़ियों की बढ़ती प्रतिभा का प्रतीक है।


