नई दिल्ली : इंडिया ए और साउथ अफ्रीका ए के बीच खेली गई दो मैचों की टेस्ट सीरीज़ में किसी भी टीम को बढ़त नहीं मिल सकी, और सीरीज़ 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुई। दूसरे टेस्ट में साउथ अफ्रीका ए ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत ए को चौंका दिया, जब उन्होंने 417 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए यह मुकाबला 5 विकेट से अपने नाम कर लिया। यह जीत साउथ अफ्रीका ए की बल्लेबाज़ी मजबूती और जुझारूपन का बेहतरीन उदाहरण रही।
भारत ने दूसरे मैच में साउथ अफ्रीका को जीत के लिए 416 रन का टारगेट दिया था, लेकिन मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाशदीप, कुलदीप यादव, हर्ष दुबे जैसे बॉलर इस स्कोर को डिफेंड करने में कामयाब नहीं हो पाए और प्रोटियाज ने इसे आसानी से चेज कर लिया।
ध्रुव जुरेल का जलवा, बने प्लेयर ऑफ द सीरीज
ये टेस्ट सीरीज बेशक बराबरी पर समाप्त हुआ, लेकिन प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ध्रुव जुरेल बने जो दूसरे टेस्ट मैच में इंडिया ए के लिए विशुद्ध बल्लेबाज के तौर पर खेले थे। ध्रुव जुरेल को इस सीरीज के पहले मुकाबले में प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली थी, लेकिन दूसरे मैच में उन्हें जैसे ही मौका मिला उन्होंने कमाल की बैटिंग कर दी वो भी उस कंडीशन में जब भारतीय टीम संघर्ष कर रही थी।
ध्रुव जुरेल ने इस टेस्ट सीरीज़ में केवल एक मैच खेला, लेकिन अपनी शानदार बल्लेबाज़ी से सबका ध्यान खींच लिया। उन्होंने दो पारियों में कुल 259 रन बनाए, जिसमें पहली पारी में नाबाद 132 और दूसरी पारी में नाबाद 127 रनों की शानदार पारी शामिल रही। जुरेल ने अपनी दोनों पारियों में कुल 345 गेंदों का सामना किया और विपक्षी गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। वहीं, ऋषभ पंत ने दो मैचों की चार पारियों में 2 अर्धशतक की मदद से 196 रन बनाए और इंडिया ए के लिए जुरेल के बाद सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ रहे।

