नई दिल्ली : श्रीलंका अंडर 19 टीम के खिलाफ पहले अनाधिकारिक टेस्ट मैच की पहली पारी में इंडिया अंडर 19 टीम के ओपनर बल्लेबाज लक्ष्य राजेश रायचंदानी ने गजब का पारी खेली और दोहरा शतक लगाया। उन्होंने पहली पारी में सागर विर्क के साथ पहले विकेट के लिए 295 रन की साझेदारी की और 29 साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ा जो यूथ टेस्ट में जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों ने बनाए थे। हालांकि लक्ष्य और सागर, गौतम गंभीर और विनायक माने से आगे नहीं निकल पाए।
लक्ष्य ने दोहरे शतक से मचाया धमाल
लक्ष्य राजेश रायचंदानी ने पहली पारी में शानदार बल्लेबाजी करते हुए भारत अंडर-19 की पारी को मजबूती दी। उन्होंने 148 गेंदों में चौका लगाकर अपना शतक पूरा किया और इसके बाद भी शानदार लय बनाए रखते हुए 310 गेंदों में दोहरा शतक जड़ दिया। हालांकि, दोहरा शतक पूरा करने के कुछ ही देर बाद वह पवेलियन लौट गए। लक्ष्य ने 324 गेंदों का सामना करते हुए 207 रन की यादगार पारी खेली, जिसमें 22 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। उनकी इस बेहतरीन पारी ने भारत अंडर-19 को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
लक्ष्य-सागर ने तोड़ा 29 साल पुराना यूथ टेस्ट रिकॉर्ड
श्रीलंका अंडर-19 के खिलाफ लक्ष्य राजेश रायचंदानी और सागर विर्क (134 रन) ने पहले विकेट के लिए 551 गेंदों में 295 रन की शानदार साझेदारी कर यूथ टेस्ट क्रिकेट में इतिहास रच दिया। इस जोड़ी ने 29 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ते हुए यूथ टेस्ट इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी दर्ज की। उन्होंने जिम्बाब्वे के डगलस मरिलियर और मार्क वर्म्यूलन की 1997 में इंग्लैंड के खिलाफ पहले विकेट के लिए बनाई गई 268 रन की साझेदारी को पीछे छोड़ दिया। हालांकि, यूथ टेस्ट क्रिकेट में सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी का रिकॉर्ड अब भी भारत के गौतम गंभीर और विनायक माने के नाम है, जिन्होंने 2001 में चेन्नई में इंग्लैंड के खिलाफ पहले विकेट के लिए 391 रन जोड़े थे।
यूथ टेस्ट में सबसे बड़ी ओपनिंग पार्टनरशिप करने वाले टॉप-5 जोड़ी
- 391 रन- गौतम गंभीर-विनायक माने (भारत) बनाम इंग्लैंड, चेन्नई, 2001
- 295 रन- लक्ष्य रायचंदानी-सागर विर्क (भारत) बनाम श्रीलंका, गॉल, 2026
- 268 रन- डगलस मरीलियर-मार्क वर्म्यूलन (जिम्बाब्वे) बनाम इंग्लैंड, 1997
- 256 रन – माइकल स्लेटर-रॉब केली (ऑस्ट्रेलिया) बनाम न्यूजीलैंड, 1989
- 247 रन – मार्कस ट्रेस्कोथिक-एंथनी मैक्ग्रा (इंग्लैंड) बनाम दक्षिण अफ्रीका, 1995
पहले अनाधिकारिक टेस्ट में श्रीलंका अंडर-19 ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और अपनी पहली पारी 9 विकेट पर 424 रन बनाकर घोषित की। टीम के लिए सेनूजा वेकुनागोडा ने शानदार 233 रन की पारी खेली। जवाब में भारत अंडर-19 ने भी दमदार बल्लेबाजी करते हुए खबर लिखे जाने तक पहली पारी में 4 विकेट के नुकसान पर 436 रन बना लिए थे। इसके साथ ही भारतीय टीम ने 12 रन की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल कर ली थी।


